Site icon Dainik Savera Times

Today Weather Update: पंजाब में बारिश का दौर जारी… इन जिलों पर भारी बारिश की चेतावनी! जानें मौसम का हाल

Today Weather 11 July 2025

Today Weather 11 July 2025

पंजाब डेस्क : पंजाब में मॉनसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। आज राज्य के छह जिलों में सामान्य से अधिक बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने पठानकोट, होशियारपुर, रूपनगर, मोहाली, फतेहगढ़ साहिब और पटियाला जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं, अन्य जिलों में मौसम सामान्य रहने की संभावना है। पूरे पंजाब में 24 जुलाई तक बारिश को लेकर सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।

हिमाचल की बारिश का पंजाब पर असर

हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश का असर पंजाब के जलाशयों पर भी देखने को मिल रहा है। बीबीएमबी (भाखड़ा ब्यास मैनेजमेंट बोर्ड) प्रशासन ने सोमवार को पंडोह बांध के सभी पांचों गेट खोल दिए हैं। एहतियातन 42,000 क्यूसेक पानी ब्यास नदी में छोड़ा गया है। हालांकि, बांध का जलस्तर अभी भी खतरे के निशान 2941 फीट से नीचे 2920 फीट पर दर्ज किया गया है। गेट खुलने के बाद ब्यास नदी का जलस्तर बढ़ गया है, जिससे बीबीएमबी प्रबंधन ने लोगों से नदी के किनारे न जाने की अपील की है।

तापमान में आई गिरावट

सोमवार को पंजाब के अधिकतर जिलों में बारिश होने के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। राज्य में औसत अधिकतम तापमान में 5.7 डिग्री सेल्सियस की कमी आई है, जो सामान्य से 2.7 डिग्री कम है। सबसे ज्यादा तापमान बठिंडा में 36 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं, बारिश के आंकड़ों की बात करें तो होशियारपुर में 96 मिमी, लुधियाना में 10.6 मिमी, पठानकोट में 17 मिमी और मोहाली में 10 मिमी वर्षा दर्ज की गई।

अगले चार दिनों का मौसम पूर्वानुमान:

22 जुलाई: पठानकोट, होशियारपुर, रूपनगर, मोहाली, फतेहगढ़ साहिब और पटियाला में येलो अलर्ट। अन्य जिलों में मौसम सामान्य रहेगा।

23 जुलाई: पठानकोट, होशियारपुर और रूपनगर में बारिश की चेतावनी।

24 जुलाई: पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, नवांशहर और रूपनगर में येलो अलर्ट।

25 जुलाई: पूरे पंजाब में मौसम सामान्य रहने की संभावना है, कोई चेतावनी नहीं।

Exit mobile version