Punjab Weather Update : उत्तर भारत में सक्रिय हुए वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का असर पहाड़ी से लेकर मैदानी इलाकों तक साफ नजर आ रहा है। हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ताज़ा बर्फबारी दर्ज की गई है, जिससे सर्दी और बढ़ गई है, लेकिन साथ ही पर्यटन स्थलों पर रौनक भी लौट आई है। वहीं दूसरी ओर, मैदानी इलाकों में घने कोहरे ने आम जनजीवन को प्रभावित कर दिया है।
पंजाब और चंडीगढ़ में इस समय “दोहरी ठंड” महसूस की जा रही है। एक ओर शीतलहर लोगों को कंपकंपा रही है, तो दूसरी ओर घना कोहरा मुश्किलें बढ़ा रहा है। लुधियाना में ठंडी हवाओं के साथ कड़ाके की ठंड पड़ रही है, जबकि जालंधर, लुधियाना, चंडीगढ़ और मोहाली में सुबह और रात के समय अचानक कोहरा छा जा रहा है।
कोहरे का असर सड़क यातायात पर भी दिख रहा है। दिल्ली-जालंधर नेशनल हाईवे पर दृश्यता काफी कम हो गई है, जिससे वाहनों को धीमी गति से चलना पड़ रहा है। कई जगहों पर ड्राइवरों को लाइट जलाकर चलना मजबूरी बन गया है।
मौसम विभाग के मुताबिक, पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, नवांशहर, कपूरथला, जालंधर, मोगा, बठिंडा, लुधियाना, बरनाला, मानसा, संगरूर, फतेहगढ़ साहिब, पटियाला और मलेरकोटला में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। इसके अलावा होशियारपुर, फरीदकोट, रूपनगर और मोहाली में भी कोहरे का असर देखने को मिल सकता है। फिलहाल प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा।
वहीं पहाड़ी राज्यों की बात करें तो मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश में भी कोहरे और बर्फबारी को लेकर चेतावनी जारी की है। 28 और 30 दिसंबर को ऊंचाई वाले इलाकों में फिर से बर्फ गिरने का अनुमान है। नए साल के मौके पर कश्मीर में भी बर्फबारी की संभावना जताई गई है, जिससे पर्यटन गतिविधियों में बढ़ोतरी की उम्मीद की जा रही है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने, अनावश्यक यात्रा से बचने और वाहन चलाते समय सावधानी बरतने की सलाह दी है।

