Last Updated: October 10, 2026

Dainik Savera Times Logo

Weather Update: पंजाब में बदलेगा मौसम का मिज़ाज; दो दिन घने कोहरे और हल्की बारिश का अलर्ट

December 31, 2025

Weather Update: पंजाब में बदलेगा मौसम का मिज़ाज; दो दिन घने कोहरे और हल्की बारिश का अलर्ट

Punjab Weather Update : पंजाब में आज से मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में बारिश की गतिविधियां शुरू हो रही हैं, जो पहली जनवरी तक जारी रह सकती हैं। पहाड़ी क्षेत्रों में सक्रिय हुए वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का असर मैदानी इलाकों तक पहुंच रहा है। इसी को देखते हुए अगले दो दिनों के लिए घने कोहरे और हल्की बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।

कोहरे ने बढ़ाई परेशानी

पंजाब के कई हिस्सों में घने कोहरे के कारण दृश्यता बेहद कम हो गई है। कई जगहों पर हालात ऐसे रहे कि विज़िबिलिटी लगभग शून्य तक पहुंच गई। इसका सीधा असर हवाई और रेल सेवाओं पर पड़ा है। चंडीगढ़ और अमृतसर एयरपोर्ट पर कई उड़ानों में देरी दर्ज की गई। अमृतसर, आदमपुर, हलवारा और पठानकोट में दृश्यता 0 मीटर तक दर्ज की गई, जबकि गुरदासपुर और लुधियाना में यह 10 मीटर रही। पटियाला में 20 मीटर और बठिंडा में 50 मीटर से भी कम दृश्यता रिकॉर्ड की गई।

हिमाचल की ऊंची चोटियों पर बर्फबारी

उधर हिमाचल प्रदेश में भी मौसम ने करवट ली है। लाहौल-स्पीति जिले की ऊंची पहाड़ियों पर मंगलवार शाम से बर्फबारी शुरू हो गई। बर्फ की सफेद चादर देखकर किसानों, बागवानों और पर्यटकों में उत्साह देखने को मिला। शिमला स्थित मौसम विज्ञान केंद्र ने आज और कल राज्य के कई इलाकों में भारी बर्फबारी की संभावना जताई है।

तापमान में हल्की बढ़ोतरी

पंजाब में बीते 24 घंटों के दौरान न्यूनतम तापमान में करीब 1.5 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। फिलहाल तापमान सामान्य से लगभग 2 डिग्री अधिक बना हुआ है। राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान गुरदासपुर में 4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

इन जिलों में रहेगा कोहरा और बारिश का असर

मौसम विभाग के अनुसार, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, नवांशहर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, संगरूर, फतेहगढ़ साहिब, पटियाला और मोहाली में कई स्थानों पर घना कोहरा छाने की आशंका है। वहीं फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर और बठिंडा में कुछ जगहों पर गरज के साथ बारिश और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है।

इसके अलावा पठानकोट, मोगा, बरनाला, मनसा और आसपास के जिलों में भी हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने और यात्रा के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें