Last Updated: October 7, 2026

Dainik Savera Times Logo

Punjab Weather Update: पंजाब में बदलेगा मौसम का मिज़ाज, 16 से 17 फरवरी को बारिश की संभावना, पढ़ें IMD की रिपोर्ट

February 12, 2026

Punjab Weather Update: पंजाब में बदलेगा मौसम का मिज़ाज, 16 से 17 फरवरी को बारिश की संभावना, पढ़ें IMD की रिपोर्ट

Punjab Weather Update : पंजाब में पिछले कुछ दिनों से तेज धूप निकलने के कारण ठंड में काफी कमी आई है। दिन के समय तापमान में बढ़ोतरी महसूस की जा रही है, हालांकि रात के वक्त हल्की ठंड अब भी बनी हुई है। मौसम विभाग के अनुसार यह स्थिति 15 फरवरी तक बनी रह सकती है, लेकिन इसके बाद मौसम करवट ले सकता है।

तापमान सामान्य से ऊपर

पिछले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में करीब 0.8 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई है। वर्तमान में तापमान सामान्य से लगभग 3.1 डिग्री अधिक चल रहा है। फरीदकोट में अधिकतम तापमान 27.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस साल फरवरी का अब तक का सबसे ऊंचा तापमान है। इससे साफ है कि फरवरी में इस बार मौसम अपेक्षाकृत गर्म बना हुआ है।

16-17 फरवरी को बारिश की संभावना

मौसम विभाग ने 16 और 17 फरवरी को राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। अनुमान है कि बारिश की शुरुआत अमृतसर से होगी और फिर यह सिस्टम तरनतारन, फिरोजपुर, फाजिल्का, मुक्तसर, फरीदकोट और मोगा की ओर बढ़ेगा। इसके बाद 18 फरवरी तक होशियारपुर, कपूरथला, जालंधर, शहीद भगत सिंह नगर, बरनाला, मानसा, पटियाला और लुधियाना जैसे जिलों में भी इसका असर देखने को मिल सकता है।

हालांकि बारिश पूरे दिन लगातार नहीं होगी। बीच-बीच में बौछारें पड़ने की संभावना है। गरज-चमक के साथ बादल बनने पर तेज हवाएं चल सकती हैं और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि भी हो सकती है।

दो नए वेस्टर्न डिस्टर्बेंस होंगे सक्रिय

मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, वर्तमान में एक वेस्टर्न डिस्टर्बेंस सक्रिय है, जो समुद्र तल से करीब 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई पर स्थित है। इसके प्रभाव से ऊपरी वायुमंडल में पश्चिमी हवाएं चल रही हैं। इसके अलावा पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में दो और वेस्टर्न डिस्टर्बेंस सक्रिय होने की संभावना है-पहला 13 फरवरी 2026 से और दूसरा 16 फरवरी 2026 से असर दिखा सकता है। इन सिस्टम्स के चलते पहाड़ी क्षेत्रों के साथ-साथ मैदानी इलाकों में भी मौसम में बदलाव संभव है।

ये भी पढ़ें: आज भारत बंद की कॉल, जानें क्या खुला और क्या रहेगा बंद?

अगले 48 घंटे मौसम स्थिर

चंडीगढ़ मौसम केंद्र के अनुसार, 11 से 15 फरवरी तक मौसम शुष्क बना रहेगा। अगले 48 घंटों में न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होने की संभावना है। हालांकि इसके बाद तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है।

कुल मिलाकर, फिलहाल धूप से लोगों को ठंड से राहत मिली है, लेकिन सप्ताह के अंत तक एक बार फिर मौसम का रंग बदल सकता है। मौसम विभाग ने किसानों और आम नागरिकों को ताज़ा अपडेट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें