Site icon Dainik Savera Times

Punjab Weather: पंजाब में घना कोहरा, 18 जिलों में येलो अलर्ट जारी, 16 दिसंबर से बढ़ेगी सर्दी

Punjab Weather Update Today 

Punjab Weather Update Today 

चंडीगढ़: पंजाब में सर्दी के बीच मौसम ने करवट ली है। आज 15 दिसंबर को राज्य के कई हिस्सों में घना कोहरा छाए रहने की आशंका जताई गई है। मौसम विभाग ने इसे देखते हुए 18 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। बीते 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में औसतन 2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जो सामान्य से करीब 2.8 डिग्री अधिक है।

बठिंडा और लुधियाना रहे सबसे ठंडे

राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान बठिंडा और लुधियाना में 6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं बठिंडा में अधिकतम तापमान 24.8 डिग्री तक पहुंच गया। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, आने वाले दिनों में रात के तापमान में और इजाफा देखने को मिल सकता है।

हिमाचल सीमा से सटे जिलों में कोहरे का ज्यादा असर

मौसम विभाग के अनुसार, घने कोहरे का प्रभाव खासतौर पर हिमाचल प्रदेश से सटे जिलों में अधिक रहेगा। इनमें पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, होशियारपुर, नवांशहर, कपूरथला, जालंधर, मोगा, बठिंडा, लुधियाना, बरनाला, मानसा, संगरूर, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर, पटियाला और मोहाली शामिल हैं। हालांकि, इन सभी जिलों में न्यूनतम तापमान में 1 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

चंडीगढ़-मोहाली में अपेक्षाकृत ज्यादा तापमान

चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 9.2 डिग्री, जबकि मोहाली में 11.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो राज्य में सबसे अधिक रहा। इसके अलावा अमृतसर में 9.5, लुधियाना में 7.4, पटियाला में 8.8 और पठानकोट में 8.9 डिग्री तापमान दर्ज हुआ।

वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का असर जारी

मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तरी पाकिस्तान और आसपास के क्षेत्रों में सक्रिय वेस्टर्न डिस्टर्बेंस फिलहाल ऊपरी वायुमंडल में बना हुआ है। इसके कारण तेज हवाओं की एक वेदर लाइन विकसित हुई है, जिससे ठंडी हवाओं का प्रवाह बना हुआ है और मौसम में उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। इसके साथ ही, पूर्वोत्तर भारत के ऊपर तेज जेट स्ट्रीम हवाएँ भी सक्रिय हैं। एक नया वेस्टर्न डिस्टर्बेंस 17 दिसंबर से प्रभावी होने की संभावना है।

ये भी पढ़ें: घने कोहरे के बीच Gurugram में सड़क सुरक्षा सख्त…पार्किंग पर लगी रोक

16 दिसंबर से चलेंगी तेज़ हवाएँ

मौसम विभाग ने बताया कि अगले 7 दिनों तक बारिश की संभावना नहीं है और मौसम शुष्क बना रहेगा। अगले दो दिनों में न्यूनतम तापमान 2 से 4 डिग्री तक बढ़ सकता है, इसके बाद तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा। 16 दिसंबर को 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज़ सतही हवाएँ चलने की चेतावनी भी जारी की गई है।

Exit mobile version