Site icon Dainik Savera Times

Punjab Weather Update: पंजाब में सर्दी का डबल अटैक! इलाकों में घना कोहरा और कोल्ड वेव, ऑरेंज अलर्ट जारी

पंजाब में सर्दी का डबल अटैक

पंजाब में सर्दी का डबल अटैक

चंडीगढ़: पंजाब में सर्दी ने अपना कहर तेज कर दिया है। बता दे कि मौसम विभाग ने आज से राज्य के कई हिस्सों में घने से बहुत घने कोहरे और कोल्ड वेव की चेतावनी जारी की है। हालात को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। हालांकि, राहत की बात यह है कि आने वाले कुछ दिनों तक बारिश की कोई संभावना नहीं है और मौसम शुष्क बना रहेगा।

बीते 24 घंटों में राज्य के न्यूनतम तापमान में करीब 1.5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। इसके बावजूद यह अभी भी सामान्य से लगभग 3.4 डिग्री अधिक बना हुआ है। गुरदासपुर सबसे ठंडा जिला रहा, जहां न्यूनतम तापमान 5.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं आदमपुर और बठिंडा में घना कोहरा छाया रहा, जबकि दिन का सबसे अधिक तापमान बठिंडा में 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

विज़िबिलिटी 100 मीटर से भी कम

मौसम विभाग के अनुसार, आदमपुर, पठानकोट, हरियाणा और चंडीगढ़ में कोहरे के कारण दृश्यता घटकर 100 मीटर से नीचे पहुंच गई। न्यूनतम तापमान अब राज्य के कई हिस्सों में 5 से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा रहा है, जिससे ठिठुरन बढ़ गई है।

इन जिलों में घना कोहरा छाने की आशंका

आज पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, नवांशहर, कपूरथला, जालंधर, मोगा, बठिंडा, लुधियाना, बरनाला, मानसा, संगरूर, फतेहगढ़ साहिब, पटियाला और मलेरकोटला में घना कोहरा रहने की संभावना है। इसके अलावा होशियारपुर, फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर, रूपनगर और मोहाली में भी कोहरे का असर देखा जा सकता है।

अगले दो दिन में और गिरेगा तापमान

मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो दिनों में न्यूनतम तापमान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक और गिर सकता है। इसके बाद तापमान में बड़े बदलाव की संभावना कम है। हालांकि, 27 दिसंबर से वेस्टर्न डिस्टर्बेंस सक्रिय होने के संकेत हैं, जिसके चलते तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है।

ये भी पढ़ें: Weather Update: ठंड ने बढ़ाई ठिठुरन, IMD ने इन राज्यों में किया बारिश की अलर्ट

अगले तीन दिनों का मौसम पूर्वानुमान

26 दिसंबर: राज्य के अधिकांश जिलों में घना से बहुत घना कोहरा छाया रह सकता है। फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट और मुक्तसर में कोल्ड वेव को लेकर विशेष चेतावनी जारी की गई है।

27 दिसंबर: अमृतसर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, फतेहगढ़ साहिब और पटियाला में कहीं-कहीं बहुत घना कोहरा रहेगा। अन्य जिलों में भी घने कोहरे की संभावना है। मौसम शुष्क बना रहेगा।

28 दिसंबर: राज्य के कई हिस्सों में बहुत घना कोहरा देखने को मिल सकता है। खासतौर पर मध्य और दोआबा क्षेत्र ज्यादा प्रभावित रहेंगे। बारिश की कोई संभावना नहीं है।

Exit mobile version