Punjab Weather Update : पंजाब में एक बार फिर मानसून सक्रिय होने जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार आज, 3 और 4 अगस्त को राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश होने की संभावना है। इसे देखते हुए दो दिनों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। साथ ही कई जिलों में तेज हवाओं और आंधी-तूफान की भी चेतावनी दी गई है।
लोगों को सतर्क रहने की सलाह
मौसम विभाग ने नागरिकों से खराब मौसम के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। लोगों को जलभराव वाले इलाकों से दूर रहने, बिजली गिरने की आशंका के समय खुले स्थानों में न जाने और बिना आवश्यकता यात्रा करने से बचने की सलाह दी गई है।
चंडीगढ़ में गर्मी और उमस का असर
चंडीगढ़ में रविवार को अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2 डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 27.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 1 डिग्री ज्यादा है। पिछले 24 घंटों के दौरान शहर में केवल नाममात्र की बारिश दर्ज की गई।
बठिंडा रहा सबसे गर्म शहर
राज्य में औसत अधिकतम तापमान में पिछले दिन की तुलना में 0.4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। यह सामान्य से लगभग 1.6 डिग्री अधिक रहा। बठिंडा सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 36.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
इसके अलावा पटियाला में 35.4 डिग्री, अमृतसर में 35.1 डिग्री और लुधियाना में 35.0 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। हालांकि अधिकांश क्षेत्रों में मौसम शुष्क और उमस भरा रहा, लेकिन नंगल में 22.5 मिमी और बरनाला में 2 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
ये भी पढ़ें…
बारिश से मिलेगी गर्मी से राहत
मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि आगामी बारिश के कारण तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को उमस से राहत मिलेगी। हालांकि लगातार बारिश के चलते निचले इलाकों में जलभराव और यातायात प्रभावित होने की संभावना भी बनी रहेगी। ऐसे में लोगों को मौसम विभाग की ताजा चेतावनियों पर नजर रखने और सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।

