Punjab Weather Update: पंजाब डेस्क: राज्य में मई की गर्मी फिलहाल कुछ दिनों के लिए थमती नजर आ रही है। हाल ही में सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ के कारण पूरे राज्य में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों को लू से राहत मिली है। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को अधिकतम तापमान में औसतन 1.6 डिग्री सेल्सियस की कमी देखी गई, जबकि कुल मिलाकर राज्य का तापमान सामान्य से 3.7 डिग्री कम रहा।
-इन इलाकों के तापमान में आई कमी
राज्य का सबसे अधिक तापमान बठिंडा में 37.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि चंडीगढ़ में यह 34.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 3.6 डिग्री कम है। लुधियाना, पटियाला, अमृतसर, जालंधर और अन्य जिलों में भी अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री की कमी आई है।
हालांकि आज और शुक्रवार को मौसम शांत रहने की संभावना है और किसी प्रकार की चेतावनी जारी नहीं की गई है, लेकिन 10 और 11 मई को एक बार फिर मौसम करवट ले सकता है। मौसम विभाग ने पश्चिमी विक्षोभ के फिर से सक्रिय होने की संभावना जताई है, जिसके चलते पंजाब के कई जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है।
-कई जिलों में येलो अलर्ट
होशियारपुर, नवांशहर, मोहाली, रोपड़, फतेहगढ़ साहिब, पटियाला, संगरूर, बरनाला, लुधियाना, जालंधर, अमृतसर और गुरदासपुर जैसे जिलों में तेज़ हवाओं के साथ आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है। येलो अलर्ट का अर्थ है कि लोग सतर्क रहें और किसी भी आपात स्थिति के लिए तैयार रहें। मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि वे खुले में काम करने से बचें, कमजोर ढांचों से दूरी बनाए रखें और मौसम संबंधी नवीनतम अपडेट पर नजर बनाए रखें। आगामी दिनों में यदि पश्चिमी विक्षोभ और तेज़ होता है, तो इसका असर खेती-बाड़ी से लेकर जनजीवन तक व्यापक रूप से देखने को मिल सकता है।

