Site icon Dainik Savera Times

पंजाब में फिर बढ़ा कोहरा, 15 जिलों में यलो अलर्ट, जीरो विजिबिलिटी के चलते 2 फ्लैट्स कैंसिल

Punjab Weather Update

Punjab Weather Update

चंडीगढ़: पंजाब में एक बार फिर मौसम ने रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया है। बुधवार को सुबह और शाम के समय राज्य के कई हिस्सों में घने कोहरे की संभावना को देखते हुए मौसम विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया है। हालांकि बारिश के कोई आसार नहीं हैं और मौसम शुष्क बना रहेगा।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, आज राज्य के 15 जिलों में कोहरे का प्रभाव देखने को मिल सकता है। इनमें अमृतसर, तरनतारन, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, संगरूर, पटियाला, बरनाला, मानसा, फाजिल्का, फिरोजपुर, फरीदकोट, मोगा, श्री मुक्तसर साहिब और बठिंडा शामिल हैं।

हाईवे पर छाए बादल, ड्राइविंग में सावधानी जरूरी

अमृतसर से अंबाला और आगे दिल्ली की ओर जाने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग पर पूरे रास्ते आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है। कोहरे और कम दृश्यता के कारण वाहन चालकों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।

चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर उड़ानें प्रभावित

कोहरे का असर हवाई सेवाओं पर भी साफ दिखाई दिया। चंडीगढ़ एयरपोर्ट प्रशासन के अनुसार, दिल्ली–चंडीगढ़ रूट की दो फ्लाइट्स रद्द करनी पड़ीं। इसके अलावा चंडीगढ़ से बेंगलुरू, मुंबई, दिल्ली, गोवा और अबुधाबी जाने वाली कई उड़ानें देरी से रवाना हुईं। वहीं इन शहरों से चंडीगढ़ आने वाली फ्लाइट्स भी निर्धारित समय से 2 से 3 घंटे देरी से पहुंचीं।

तापमान का हाल: दिन में राहत, रातें ठंडी

मौसम विभाग का अनुमान है कि इस सप्ताह अधिकतम तापमान सामान्य के आसपास बना रहेगा।

उत्तरी और पूर्वी पंजाब: 16-18 डिग्री सेल्सियस

अन्य जिलों में: 18–20 डिग्री सेल्सियस

न्यूनतम तापमान: 4 से 6 डिग्री के बीच रहने की संभावना

चंडीगढ़ में जीरो विजिबिलिटी दर्ज

मंगलवार को चंडीगढ़ में दृश्यता शून्य तक पहुंच गई थी। वहीं आदमपुर और बल्लोवाल खौंखरी (नवांशहर) में विजिबिलिटी महज 10 मीटर, बठिंडा में 50 मीटर और हलवारा में 100 मीटर दर्ज की गई।

बठिंडा में कोल्ड वेव की स्थिति भी रिकॉर्ड की गई है। हालांकि, बीते कुछ दिनों में न्यूनतम तापमान में 3 से 5 डिग्री तक की हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

पश्चिमी विक्षोभ का असर

फिलहाल उत्तरी पाकिस्तान और उससे सटे पंजाब क्षेत्र के ऊपर एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है, जिससे ऊपरी वायुमंडल में हलचल बनी हुई है। इसका असर खासकर उत्तर-पूर्वी पंजाब में देखा जा रहा है, हालांकि यह प्रभाव ज़मीन से अधिक ऊंचाई तक सीमित है।

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, 5 फरवरी की रात से एक नया पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालयी इलाकों को प्रभावित कर सकता है। अगले सात दिनों में कुल तीन पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय रहने की संभावना है, जिससे कोहरा और ठंड फिलहाल बनी रह सकती है।

ये भी पढ़ें: सावधान! मौसम विभाग ने इन राज्यों में बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट किया जारी

आगे का पूर्वानुमान

मौसम विभाग के निदेशक सुरेंद्र पाल ने बताया कि आने वाले 48 घंटों में न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। 5, 6 और 7 फरवरी के लिए कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है और मौसम शुष्क रहेगा। विशेषज्ञों का मानना है कि ठंड का चरम दौर अब गुजर चुका है और आने वाले दिनों में धीरे-धीरे तापमान बढ़ने लगेगा।

Exit mobile version