पंजाब डेस्क: लुधियाना से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां पंजाबी सिंगर इंदर कौर उर्फ यशइंदर कौर का शव नीलो नहर से बरामद किया गया है। पुलिस और परिवार के अनुसार, सिंगर को 13 मई को गनपॉइंट पर किडनैप किया गया था और उसके बाद से वह लापता थी।
परिवार का आरोप है कि आरोपी उसे जबरन शादी के लिए मजबूर कर रहा था और मना करने पर इस वारदात को अंजाम दिया गया।
6 दिन बाद नहर में मिला शव
परिजनों की तलाश और पुलिस जांच के बाद आज सुबह करीब 11 बजे नहर से शव बरामद किया गया। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी है।
बाजार जाने के बाद लापता हुई थी सिंगर
भाई के अनुसार, इंदर कौर 13 मई की शाम लगभग 6:30 बजे अपनी कार से घर के लिए सामान लेने निकली थीं, लेकिन वह वापस नहीं लौटीं। इसके बाद परिवार ने खुद तलाश शुरू की और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। जांच में सामने आया कि इंदर कौर की पहचान सुखविंदर सिंह उर्फ सुक्खा नाम के व्यक्ति से थी, जो मोगा का रहने वाला है और वर्तमान में कनाडा में रहता है।
जबरन शादी का दबाव और अपहरण
परिवार का दावा है कि आरोपी पहले से शादीशुदा था और उसके बच्चे भी हैं, बावजूद इसके वह सिंगर पर शादी का दबाव बना रहा था। जब इंदर कौर ने इनकार किया, तो आरोप है कि उसे गनपॉइंट पर अगवा कर लिया गया। इस मामले में आरोपी के पिता और कुछ अन्य लोगों की भूमिका भी संदिग्ध बताई जा रही है।
हत्या के बाद आरोपी विदेश फरार
परिजनों के मुताबिक, वारदात को अंजाम देने के बाद मुख्य आरोपी विदेश भाग गया। परिवार का आरोप है कि यह पूरी साजिश कनाडा में बैठे व्यक्ति द्वारा रची गई।
ये भी पढ़ें…
पुलिस द्वारा जांच जारी
थाना जमालपुर के एसएचओ के अनुसार, नहर से शव मिलने के बाद पहचान की पुष्टि की गई है। पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।