पंजाब डेस्क। पंजाबी सिंगर मनकीरत औलख ने साल 2025 में आई भीषण बाढ़ के दौरान प्रभावित किसानों और जरूरतमंद परिवारों की खुलकर मदद की थी। उस समय उन्होंने पंजाबियों से वादा किया था कि वह हर मुश्किल घड़ी में उनके साथ खड़े रहेंगे। अब नए साल की शुरुआत में उन्होंने अपने वादों को पूरा करके एक बार फिर लोगों का दिल जीत लिया है।बाढ़ के दौरान मनकीरत औलख ने कई पीड़ित परिवारों से मुलाकात की थी। इसी दौरान उन्होंने एक गरीब परिवार की बेटियों के लिए घर बनाने में मदद करने और उनकी शादी पर कार देने का वादा किया था। अब उन्होंने यह वादा निभा भी दिया है।
कबड्डी खिलाड़ियों को कार गिफ्ट कर किया सम्मानित
नए साल 2026 की शुरुआत के साथ ही मनकीरत औलख ने कबड्डी खिलाड़ियों को बड़ी सौगात दी है। कबड्डी प्लेयर राजनदीप शर्मा और जस शर्मा को उन्होंने स्विफ्ट कार गिफ्ट की। वहीं, कबड्डी खिलाड़ी जुझार सिंह को आई-20 कार दी गई।
गुरुद्वारे में दी गई कार की चाबियां
मनकीरत औलख ने यह सम्मान समारोह मोहाली के गुरुद्वारा सिंह शहीदां में आयोजित किया। यहां उन्होंने खिलाड़ियों को खुद कार की चाबियां सौंपी और उनका सम्मान किया। इस मौके पर कई लोग मौजूद रहे और मनकीरत की इस पहल की जमकर तारीफ हुई।
बाढ़ के समय कबड्डी खिलाड़ियों ने मांगी थी मदद
अगस्त 2025 में जब मनकीरत औलख बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा कर रहे थे, तब इन कबड्डी खिलाड़ियों ने एक वीडियो बनाकर मदद की अपील की थी। खिलाड़ियों की हालत देखकर सिंगर ने तुरंत उनकी मदद का भरोसा दिया था, जिसे अब उन्होंने पूरा कर दिया है।
पंजाब की बाढ़ में आगे आए थे मनकीरत औलख
साल 2025 में पंजाब में आई भीषण बाढ़ के दौरान मनकीरत औलख जरूरतमंदों की मदद के लिए खुद मैदान में उतरे थे। वह जिला गुरदासपुर के धारीवाल कस्बे में बनाए गए राहत कैंप में पहुंचे थे।
देखें वीडियोः Banga: Bus Stand Firing ’ਚ ਮਾਰੇ ਗਏ Honey Ball ਦਾ ਅੰਤਿਮ ਸੰਸਕਾਰ
पांच करोड़ रुपये खर्च करने का किया था ऐलान
राहत कैंप में मनकीरत औलख ने घोषणा की थी कि उनकी टीम बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए 5 करोड़ रुपये खर्च करेगी। उन्होंने कहा था कि पंजाब के लोग इस समय भारी संकट से गुजर रहे हैं और वह इस मुश्किल समय में उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हैं।
घर बनवाने और ट्रैक्टर ठीक कराने का भरोसा
मनकीरत औलख ने यह भी कहा था कि बाढ़ में जिन लोगों के घर टूट गए हैं, उन्हें नए घर बनवाकर दिए जाएंगे। साथ ही जिन किसानों के ट्रैक्टर बाढ़ में खराब हो गए हैं, उन्हें अपने साथियों के सहयोग से मुफ्त में ठीक करवाया जाएगा।
कौन हैं मनकीरत औलख
मनकीरत औलख एक मशहूर पंजाबी सिंगर, एक्टर और म्यूजिक प्रोड्यूसर हैं। वह हरियाणा के फतेहाबाद के रहने वाले हैं। उन्होंने पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री को कई सुपरहिट गाने दिए हैं, जिनमें ‘बदनाम’, ‘कोका’ और ‘काका जी’ शामिल हैं।
सोशल मीडिया पर जबरदस्त लोकप्रियता
मनकीरत औलख सोशल मीडिया पर भी काफी एक्टिव रहते हैं। इंस्टाग्राम पर उनके 6.7 मिलियन से ज्यादा फॉलोअर्स हैं। हाल के समय में वह गैंगस्टर विवादों और सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड से जुड़े मामलों के कारण भी चर्चा में रहे हैं।
ये भी पढ़ेंः राजधानी में थार ने मचाया तांडव, सड़क किनारे 6 लोगों को कुचला, गुस्साई भीड़ ने गाड़ी में लगाई आग

