Site icon Dainik Savera Times

कनाडा गए पंजाबी युवक की दिल का दौरा पड़ने से मौत: परिजनों ने शव को भारत वापिस लाने की गृह मंत्रालय से लगाई गुहार

गुरदासपुर : गुरदासपुर के कलानौर पुलिस स्टेशन के अंतर्गत आने वाले गांव शेख मीर निवासी युवक की कनाडा में दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई। इसके चलते विधवा मां पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। इस संबंध में जानकारी देते हुए मृतक युवक के चचेरे भाई तेजबीर सिंह ने बताया कि उसका भाई सतिंदर सिंह (23) पुत्र दलबीर सिंह एक साल पहले 5 अप्रैल 2023 को रोजी रोटी के लिए विंडसर, ओन्टारियो, कनाडा गया था।

सतिंदर सिंह रोज सुबह अपनी मां को फोन करता था। लेकिन रविवार को जब फोन नहीं आया तो मां सरबजीत कौर ने कई बार फोन किया पर किसी ने नहीं उठाया। इसके बाद एक अन्य युवक ने फोन पर बताया कि सतिंदर सिंह दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। तेजबीर ने बताया कि उसका भाई गुरदास मॉडर्न सीनियर स्कूल लखनकलां से पढ़ाई के बाद कंप्यूटर डिप्लोमा करने के बाद कनाडा चला गया था।

आपको बता दें कि मृतक सतिंदर सिंह के पिता की करीब पांच साल पहले मौत हो गई थी और वह अपनी मां के सहयोग से ही पढ़ाई कर रहा था। सतिंदर सिंह की मौत के बाद गांव में शोक की लहर है। उन्होंने कहा कि सतिंदर सिंह के पास केवल एक एकड़ जमीन है और वह रोजी रोटी के लिए विदेश गया था। परिवार के सदस्यों ने पंजाब, भारत सरकार के गृह मंत्रालय और विदेश में रह रहे युवाओं से शव भारत भेजने में सहायता करने की गुहार लगाई है।

Exit mobile version