जालंधर: गुरु नानक स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पंजाब के कैबिनेट मंत्री मोहिंद्र भगत ने कहा कि देश की आजादी के संघर्ष में पंजाबियों ने सबसे अधिक कुर्बानियां दी हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार शहीदों के सपनों और उनके आदर्शों को साकार करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
खटकड़ कलां में शपथ से लेकर भगत सिंह को सम्मान तक
मोहिंद्र भगत ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने पदभार संभालने के बाद शहीद-ए-आजम भगत सिंह के पैतृक गांव खटकड़ कलां में शपथ लेकर शहीदों के प्रति सम्मान का संदेश दिया था। इसके अलावा सरकारी दफ्तरों में शहीद भगत सिंह और डॉ. बी.आर. अंबेडकर की तस्वीरें अनिवार्य की गईं।
उन्होंने कहा कि मोहाली अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का नाम शहीद भगत सिंह के नाम पर रखा गया है और वहां उनकी प्रतिमा भी स्थापित की गई है।
शहीद जवानों और पुलिसकर्मियों के परिवारों के लिए बढ़ाई सहायता
कैबिनेट मंत्री ने बताया कि शहीद जवानों और पुलिस कर्मचारियों के परिवारों के प्रति सरकार ने अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए अनुग्रह राशि को 50 लाख रुपये से बढ़ाकर 1 करोड़ रुपये कर दिया है। इस प्रावधान में अग्निवीरों को भी शामिल किया गया है।
उन्होंने यह भी बताया कि स्वतंत्रता सेनानियों के वारिसों को सीधी भर्ती में 1 प्रतिशत आरक्षण देने का फैसला लिया गया है।
धार्मिक विरासत के संरक्षण पर सरकार का जोर
मोहिंद्र भगत ने कहा कि पंजाब सरकार राज्य की धार्मिक विरासत और विकास को नई दिशा देने के लिए कई योजनाओं पर काम कर रही है। श्री गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व के लिए बजट में 100 करोड़ रुपये का विशेष प्रावधान किया गया है।
इसके अलावा जालंधर के डेरा सचखंड बल्लां में 37 करोड़ रुपये की लागत से 10 एकड़ क्षेत्र में ‘श्री गुरु रविदास वाणी अध्ययन केंद्र’ विकसित किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना का बढ़ा दायरा
मंत्री ने बताया कि ‘मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना’ के तहत अब तक 4 लाख से अधिक श्रद्धालु धार्मिक स्थलों के दर्शन कर चुके हैं। हाल ही में हरिद्वार, ऋषिकेश, खाटू श्याम और मथुरा-वृंदावन के लिए नई बसें शुरू कर योजना का दायरा पंजाब से बाहर तक बढ़ाया गया है।
उन्होंने कहा कि राज्य के समग्र विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए ‘रंगला पंजाब’ योजना का बजट बढ़ाकर 1,176 करोड़ रुपये किया गया है।
महिलाओं और परिवारों के लिए आर्थिक सहायता
जनकल्याणकारी योजनाओं का जिक्र करते हुए मोहिंद्र भगत ने बताया कि ‘मुख्यमंत्री म्हावां-धियां सत्कार योजना’ के तहत 74.59 लाख से अधिक पंजीकृत महिलाओं के खातों में 2,274 करोड़ रुपये से अधिक की वित्तीय सहायता सीधे ट्रांसफर की जा चुकी है।
वहीं, ‘मेरी रसोई योजना’ के तहत जुलाई तक 33 लाख से अधिक राशन किट वितरित किए जाने की जानकारी दी गई।
स्वास्थ्य सेवाओं में विस्तार का दावा
स्वास्थ्य क्षेत्र की योजनाओं का उल्लेख करते हुए मंत्री ने कहा कि ‘मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना’ के तहत 10 लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज उपलब्ध करवाया जा रहा है। इसके अलावा राज्य में 1,090 आम आदमी क्लीनिकों के माध्यम से 6 करोड़ से अधिक लोगों को मुफ्त दवाइयां और जांच सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
नशा तस्करी के खिलाफ अभियान तेज
मोहिंद्र भगत ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कहा कि राज्य में नशा तस्करी के खिलाफ ‘युद्ध नशे विरुद्ध’ अभियान को सख्ती से चलाया जा रहा है। उनके अनुसार, 1 मार्च 2025 से अब तक 45,000 से अधिक नशा तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।
उन्होंने कहा कि राज्य को अपराध मुक्त बनाने के उद्देश्य से ‘गैंगस्टरों पर वार’ अभियान भी पूरी सख्ती के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है।

