Last Updated: November 8, 2026

Dainik Savera Times Logo

पंजाब का सबसे महंगा टोल प्लाजा आज रहेगा बंद, किसान कैबिनों पर लगाएंगे ताला

June 30, 2024

पंजाब का सबसे महंगा टोल प्लाजा आज रहेगा बंद, किसान कैबिनों पर लगाएंगे ताला

लुधियाना : पंजाब का सबसे महंगा लाडोवाल टोल प्लाजा आज पूरी तरह से बंद रहने वाला है। आज रविवार को सुबह 11 बजे किसान जत्थेबंदियां इस टोल के कैबिनों पर ताला लगा देंगी। किसानों ने पिछले 15 दिनों से टोल प्लाजा को फ्री रखा है। 6 लाख से ज्यादा वाहन चालक बिना टैक्स दिए इससे गुजर चुके हैं।

लोगों ने करीब 16 करोड़ रुपये बचाए हैं। जानकारी देते हुए भारतीय किसान मजदूर यूनियन के प्रधान दिलबाग सिंह गिल ने बताया कि इस टोल के रेट सबसे ज्यादा थे। इस विरोध प्रदर्शन में उन्हें भारतीय किसान यूनियन दोआबा का भी पूरा समर्थन मिला है। कई टैक्सी चालक भी पूरा सहयोग दे रहे हैं।

लोगों से टोल बंद करने में सहयोग करने की अपील:

आम आदमी से लेकर व्यापारियों तक सभी को भारी टैक्स देकर इस टोल से गुजरना पड़ता था। दिलबाग सिंह ने लोगों से अपील की है कि आज तालाबंदी कार्यक्रम में सभी लोग जरूर शामिल हों। उन्होंने आसपास के ग्रामीण निवासियों से भी इस टोल को बंद करने में सहयोग करने की अपील की है।

दिलबाग सिंह ने कहा कि उन्होंने टोल अधिकारियों और एनएचएआई से कई बार इस टोल की समय सीमा बताने के लिए कहा है लेकिन कोई भी अधिकारी जवाब नहीं दे रहा है। इसका सीधा कारण यह है कि इस टोल की समय अवधि समाप्त हो चुकी है। लोगों से अवैध वसूली की जा रही है।

आज टोल पर ताला लगाया जाएगा और यह हमेशा के लिए बंद हो जाएगा। आपको बता दें कि किसानों की तालाबंदी को रोकने के लिए पुलिस प्रशासन भी आज लाडोवाल टोल प्लाजा पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात करेगा।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें