Last Updated: November 8, 2026

Dainik Savera Times Logo

स्पोर्ट्स वतन पंजाब दियां-2026 के लिए QR कोड जारी, खिलाड़ी फ्री में करा सकेंगे रजिस्ट्रेशन

August 26, 2026

स्पोर्ट्स वतन पंजाब दियां-2026 के लिए QR कोड जारी, खिलाड़ी फ्री में करा सकेंगे रजिस्ट्रेशन

लुधियाना: पंजाब में खेलों को बढ़ावा देने के लिए ‘स्पोर्ट्स वतन पंजाब दियां-2026’ के चौथे सीजन की तैयारियां शुरू हो गई हैं। लुधियाना के डिप्टी कमिश्नर हिमांशु जैन ने बुधवार को इन खेलों के लिए QR कोड जारी किया। खिलाड़ी इस QR कोड को स्कैन करके बिना किसी फीस के अपना रजिस्ट्रेशन करा सकेंगे।

इस मौके पर जिला खेल अधिकारी मंदीप कौशल भी मौजूद रहे। डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि पंजाब के खेल विभाग ने पहली बार QR कोड के जरिए फ्री रजिस्ट्रेशन की सुविधा शुरू की है। खिलाड़ी अपने मोबाइल से QR कोड स्कैन करके किसी भी समय और कहीं से भी गेम्स के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा खेल विभाग के पोर्टल के जरिए भी रजिस्ट्रेशन किया जा सकेगा।

उन्होंने कहा कि इन खेलों का मुख्य उद्देश्य पंजाब में खेलों का माहौल मजबूत करना और ज्यादा से ज्यादा युवाओं को खेलों से जोड़ना है। ‘स्पोर्ट्स वतन पंजाब दियां-2026’ की आधिकारिक शुरुआत 5 सितंबर को बठिंडा से होगी। इसका समापन 29 नवंबर को पटियाला में किया जाएगा।

लुधियाना में 6 सितंबर से मुकाबले

जिला खेल अधिकारी मंदीप कौशल के अनुसार, लुधियाना जिले के 13 ब्लॉकों में 6 सितंबर से खेल मुकाबले शुरू होंगे। इनमें लुधियाना-1, लुधियाना-2, नगर निगम, मुल्लांपुर, मलौद, समराला, कुम कलां, डेहलों, जगराओं, दोराहा, माछीवाड़ा, खन्ना और रायकोट शामिल हैं।इस बार प्रतियोगिता में कुल 38 खेलों को शामिल किया गया है। खास बात यह है कि इसमें अलग-अलग उम्र के खिलाड़ी हिस्सा ले सकेंगे। अंडर-14 वर्ग से लेकर 70 साल से ज्यादा उम्र के लोगों के लिए भी प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।

पहली बार टेनिस बॉल क्रिकेट भी शामिल

इस सीजन में पहली बार टेनिस बॉल क्रिकेट को भी खेलों की सूची में शामिल किया गया है। इसके अलावा पैरा-एथलीटों के लिए भी विशेष प्रतियोगिताएं रखी गई हैं। इनमें एथलेटिक्स, पावरलिफ्टिंग, बैडमिंटन और व्हीलचेयर बास्केटबॉल शामिल हैं। जिला खेल अधिकारी ने खिलाड़ियों से अपील की है कि वे ज्यादा से ज्यादा संख्या में इन खेलों में हिस्सा लें। उन्होंने बताया कि रजिस्ट्रेशन पूरी तरह फ्री है। खिलाड़ी खेल विभाग के पोर्टल या जारी किए गए QR कोड के माध्यम से अपनी एंट्री करा सकते हैं।

📍 Location: Ludhiana

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें