Site icon Dainik Savera Times

R Nait और गुरलेज अख्तर विवाद के घेरे में… पुलिस समन को किया नजरअंदाज

जालंधर: पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री के मशहूर नाम R Nait और सिंगर गुरलेज अख्तर एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। उनके हाल ही में रिलीज़ हुए गीत “315” को लेकर गन कल्चर को बढ़ावा देने के आरोप लगे हैं। इस मामले में जालंधर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा दोनों कलाकारों को आज दोपहर पेश होने का नोटिस दिया गया था, लेकिन दोनों दोपहर 1 बजे तक भी पुलिस के समक्ष पेश नहीं हुए।

दोबारा भेजा जाएगा समन

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, दोनों सिंगर्स की अनुपस्थिति को गंभीरता से लिया गया है और उन्हें अब दोबारा नोटिस जारी किया जाएगा। यह नोटिस उनके स्थायी पते पर भेजा जाएगा, जिसमें अगली तारीख में पेश होने का निर्देश होगा।

गीत पर क्या है आरोप?

R Nait और गुरलेज अख्तर के गाने 315 में कथित रूप से हथियारों और हिंसक भाषा का इस्तेमाल किया गया है। इस गीत को लेकर भारतीय जनता पार्टी के नेता अरविंद सिंह ने कड़ी आपत्ति जताई थी। उन्होंने पंजाब के डीजीपी को एक लिखित शिकायत सौंपते हुए कहा था कि यह गाना युवाओं को गलत दिशा में ले जाने का काम कर रहा है और राज्य में अपराध को बढ़ावा दे सकता है।

म्यूजिक इंडस्ट्री पर एक बार फिर सवाल

यह मामला ऐसे समय सामने आया है जब पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री पहले ही कई बार ‘गन कल्चर’ को प्रमोट करने के आरोपों से घिर चुकी है। यह ताजा मामला एक बार फिर यह सवाल खड़ा करता है कि क्या कला और अभिव्यक्ति की आज़ादी की आड़ में समाज विरोधी संदेश दिए जा रहे हैं?

Exit mobile version