Site icon Dainik Savera Times

गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर भाजपा-अकाली गठबंधन हिंदू-सिख भाईचारे को मजबूत करने वाला ऐतिहासिक कदम : राहुल गर्ग

मोगा: भारतीय जनता पार्टी पब्लिक सिटी सेल के स्टेट को-कन्वीनर राहुल गर्ग ने भाजपा और शिरोमणि अकाली दल के बीच हुए गठबंधन का स्वागत करते हुए इसे पंजाब की राजनीति में एक महत्वपूर्ण और सकारात्मक कदम बताया है। उन्होंने कहा कि श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर दोनों राजनीतिक दलों का गठबंधन होना पंजाब के हिंदू-सिख भाईचारे, आपसी सद्भाव और सांझी संस्कृति को मजबूती प्रदान करने वाला फैसला है। यह गठबंधन प्रदेश में राजनीतिक एकता और आपसी विश्वास को बढ़ावा देने में अहम भूमिका निभाएगा।

राहुल गर्ग ने कहा कि पंजाब की धरती गुरु साहिबान की शिक्षाओं, आपसी प्रेम, समानता और भाईचारे की प्रतीक रही है। श्री गुरु नानक देव जी ने समूची मानवता को एकता, सेवा, सहयोग और मिल-जुलकर रहने का संदेश दिया। ऐसे पवित्र अवसर पर भाजपा और शिरोमणि अकाली दल का एक मंच पर आना अपने आप में विशेष महत्व रखता है। यह फैसला पंजाब की सांझी विरासत और धार्मिक सद्भावना को आगे बढ़ाने वाला साबित होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा और अकाली दल का गठबंधन केवल राजनीतिक समझौता नहीं, बल्कि पंजाब के भविष्य को लेकर एक साझा संकल्प है। दोनों दलों के बीच आपसी सहयोग से प्रदेश में विकास, शांति, सुरक्षा और जनकल्याण के मुद्दों को नई मजबूती मिलेगी। गठबंधन के माध्यम से पंजाब के लोगों की उम्मीदों और आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए मिलकर प्रयास किए जाएंगे।

राहुल गर्ग ने कहा कि आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह है। गठबंधन के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार हुआ है और सभी कार्यकर्ता पूरी मजबूती के साथ जनता के बीच जाने के लिए तैयार हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि दोनों दलों के कार्यकर्ता एकजुट होकर चुनाव मैदान में उतरेंगे और पंजाब की जनता का विश्वास जीतने के लिए मेहनत करेंगे। उन्होंने कहा कि पंजाब में रोजगार के अवसर बढ़ाना, युवाओं को बेहतर भविष्य देना, उद्योगों को प्रोत्साहित करना, किसानों की समस्याओं का समाधान करना और प्रदेश में सुरक्षा एवं विकास को मजबूत करना गठबंधन की प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा। दोनों दलों के कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर इन मुद्दों को उठाएंगे और प्रदेश के सर्वांगीण विकास के लिए साझा प्रयास करेंगे।

राहुल गर्ग ने कहा कि भाजपा और अकाली दल के गठबंधन से पंजाब की राजनीति में एक नई दिशा देखने को मिलेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में गठबंधन शानदार प्रदर्शन करेगा और पंजाब में सरकार बनाने की दिशा में मजबूती से आगे बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि पंजाब के लोग आपसी भाईचारे, स्थिरता और विकास की राजनीति को पसंद करते हैं और आने वाले समय में गठबंधन को जनता का भरपूर समर्थन मिलेगा। उन्होंने अंत में कहा कि श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर गठबंधन की घोषणा पंजाब के लिए एक सकारात्मक संदेश है। यह कदम प्रदेश में एकता, सद्भावना और विकास की भावना को मजबूत करने के साथ-साथ पंजाब को खुशहाल और समृद्ध बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा।

📍 Location: मोगा

Exit mobile version