Last Updated: October 24, 2026

Dainik Savera Times Logo

फिरोजपुर मंडल के 24 रेलवे स्टेशनों पर ‘रेल जन संवाद’ आयोजित, यात्रियों और युवाओं से लिए सुझाव

October 24, 2026

फिरोजपुर मंडल के 24 रेलवे स्टेशनों पर ‘रेल जन संवाद’ आयोजित, यात्रियों और युवाओं से लिए सुझाव

अमृतसर: रेलवे बोर्ड के निर्देशानुसार, विशेष अभियान 6.0 के अंतर्गत फिरोजपुर मंडल के प्रमुख एवं छोटे रेलवे स्टेशनों पर ‘रेल जन संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में, 22 अक्टूबर को अमृतसर, जालंधर सिटी, जालंधर कैंट, लुधियाना, फिरोजपुर कैंट, ब्यास, फगवाड़ा, ढंडारी कलां, फिल्लौर सहित फिरोजपुर मंडल के कुल 24 रेलवे स्टेशनों पर ‘रेल जन संवाद’ का आयोजन किया गया।

इस दौरान रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों, युवाओं तथा अन्य हितधारकों के साथ सीधा संवाद स्थापित किया और रेल सेवाओं, यात्री सुविधाओं, स्वच्छता आदि विषयों पर उनके सुझावों और प्रतिक्रियाओं को सुना। प्राप्त सुझावों और प्रतिक्रियाओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। इसके साथ ही, युवाओं की सक्रिय भागीदारी को सुनिश्चित करते हुए उनके साथ ‘रेल जन युवा संवाद’ भी स्थापित किया गया, ताकि रेलवे सेवाओं को बेहतर बनाने में युवा अपने विचार एवं सुझाव साझा कर सकें।

मंडल रेल प्रबंधक संजीव कुमार ने इस अभियान की अगुआई करते हुए फिरोजपुर कैंट रेलवे स्टेशन पर तथा अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री नितिन गर्ग ने अमृतसर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों, युवाओं तथा अन्य हितधारकों के साथ सीधा संवाद स्थापित किया। रेल यात्रियों ने इस पहल की सराहना की तथा यात्री सुविधाओं और स्वच्छता के लिए रेलवे द्वारा उठाए गए कदमों पर संतोष व्यक्त किया। साथ ही, उन्होंने अपने बहुमूल्य सुझाव भी साझा किए।

मंडल रेल प्रबंधक संजीव कुमार ने बताया कि फिरोजपुर मंडल के प्रमुख एवं छोटे रेलवे स्टेशनों पर ‘रेल जन संवाद’ कार्यक्रम के माध्यम से यात्रियों, युवाओं और अन्य हितधारकों से सीधे संवाद कर उनके सुझाव एवं प्रतिक्रियाएं प्राप्त की जा रही हैं। यह पहल यात्रियों को यात्री सुविधाओं से जुड़े विषयों पर अपनी बात रखने का अवसर प्रदान कर रही है। यात्रियों की सक्रिय भागीदारी और प्राप्त सुझावों के आधार पर रेल सेवाओं को अधिक सुविधाजनक एवं यात्री-अनुकूल बनाना है।

📍 Location: Amritsar (Amritsar)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें