जालंधर : दोमोरिया पुल रेल लाइन (अमृतसर-नई दिल्ली लाइन) पर पुराने गार्डरों को हटाकर नए पीएससी स्लैब लगाने का काम बुधवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। रेलवे की ओर से लिए गए ट्रैफिक और ओएचई ब्लॉक के चलते जालंधर सिटी स्टेशन पर रेल यातायात प्रभावित रहा। ट्रेनों के संचालन में बदलाव के कारण स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ देखने को मिली और यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई यात्री अपनी ट्रेन के जालंधर नहीं पहुंचने के कारण स्टेशन पर जानकारी लेते नजर आए।
ब्लॉक के चलते जालंधर में कई ट्रेनें प्रभावित, कुछ रद्द तो कुछ डायवर्ट :-
शान-ए-पंजाब और जालंधर इंटरसिटी को जालंधर नहीं लाकर लुधियाना से ही वापस भेजा गया। सरबत दा भला एक्सप्रैस (22479) को फिल्लौर से डायवर्ट किया गया। जम्मूतवी-टाटानगर एक्सप्रैस (18102) पठानकोट-मुकेरियां-जालंधर कैंट और संबलपुर-जम्मूतवी एक्सप्रैस (18309) जालंधर कैंट-मुकेरियां-पठानकोट होकर चली। इसके चलते जालंधर सिटी, ब्यास आदि स्टेशनों पर इनका संचालन नहीं हुआ। वहीं अमृतसर-चंडीगढ़ एक्सप्रैस (14541), अमृतसर जनशताब्दी (12053) और अंबाला कैंट-जालंधर सिटी डीएमयू (74645) रद्द रहीं। यह स्थिति वीरवार को भी देखने को मिल सकती है । इसी के साथ होशियारपुर-आगरा कैंट एक्सप्रैस (11906-11907) 9 अक्तूबर को जालंधर सिटी नहीं आएगी और जालंधर कैंट-लुधियाना होकर चलेगी।
10 अक्तूबर तक जारी रहेगा काम :-
दोमोरिया पुल रेल लाइन पर पुराने गार्डरों को हटाकर नए पीएससी स्लैब लगाने का काम 10 अक्तूबर तक चलेगा। काम के दौरान ट्रैफिक और ओएचई ब्लॉक के कारण इस रूट पर ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहेगा। पुल के नीचे से गुजरने वाला रास्ता भी बंद है, जिसके कारण वाहनों को दोमोरिया पुल के ऊपर से होकर गुजरना पड़ रहा है। इससे पुल पर भी ट्रैफिक का दबाव बढ़ा हुआ है।

