Site icon Dainik Savera Times

किसानों के रेल रोको आंदोलन से जालंधर में थमा रेल यातायात

जालंधर : पंजाब भर के अलग-अलग जिलों में किसान-मजदूर मोर्चा की ओर से किए गए ‘रेल रोको’ आंदोलन का असर जालंधर में भी देखने को मिला। जानकारी के अनुसार अमृतसर के देवीदासपुरा, ब्यास और फिरोजपुर के मलावाला में किसानों द्वारा रेलवे ट्रैक जाम किए जाने के कारण फिरोजपुर मंडल में रेल यातायात प्रभावित रहा। इसका सीधा असर जालंधर सिटी रेलवे स्टेशन पर भी पड़ा। कई ट्रेनों का संचालन प्रभावित होने से यात्री घंटों परेशान रहे। कुछ यात्रियों ने ट्रेन चलने का इंतजार करने के बजाय ऑटो और टैक्सी का सहारा लिया, जबकि कई यात्री स्टेशन पर ही ट्रेन के दोबारा चलने की उम्मीद में बैठे रहे।

रेलवे की ओर से 17 सितंबर के लिए जालंधर से संबंधित कई ट्रेनों को रद्द करने के साथ कुछ ट्रेनों को शॉर्ट टर्मिनेट और शॉर्ट ओरिजिनेट किया गया। फिरोजपुर कैंट-जालंधर सिटी (74936) और जालंधर सिटी-फिरोजपुर कैंट (74937) रद्द रहीं। वहीं नई दिल्ली-अमृतसर (12497) को जालंधर सिटी तक ही चलाया गया। इसके चलते अमृतसर-नई दिल्ली (12498) को जालंधर सिटी से शॉर्ट ओरिजिनेट किया गया। फिरोजपुर कैंट-जालंधर सिटी (74938) के समय में भी बदलाव किया गया और इसे निर्धारित 15:20 बजे के बजाय 16:00 बजे रवाना किया गया।

इसके अलावा नई दिल्ली-अमृतसर (12031) को ब्यास-तरनतारन-अमृतसर के रास्ते डायवर्ट किया गया। रेल यातायात प्रभावित होने के कारण शान-ए-पंजाब एक्सप्रैस और शताब्दी एक्सप्रैस को जालंधर सिटी स्टेशन पर रोकना पड़ा। ट्रेनें रुकने के बाद कई यात्री स्टेशन से बाहर निकल गए और आगे का सफर ऑटो या टैक्सी से तय किया। यात्रियों का कहना था कि अचानक रेल संचालन प्रभावित होने से उन्हें अतिरिक्त किराया देना पड़ा और यात्रा का पूरा कार्यक्रम बिगड़ गया। वहीं कुछ यात्री ट्रेन के दोबारा चलने की उम्मीद में स्टेशन पर ही बैठे रहे।

दोपहर करीब 3.02 बजे छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस-अमृतसर एक्सप्रैस जालंधर सिटी रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर-1 पर पहुंची। ट्रेन में पहले से ही काफी भीड़ थी। ब्यास की ओर जाने के लिए स्टेशन पर इंतजार कर रहे यात्रियों ने ट्रेन में सवार होकर आगे जाने का प्रयास किया। सीटें नहीं मिलने के कारण कई यात्रियों को अगली ट्रेन का इंतजार करना पड़ा। इसके बाद जनसेवा एक्सप्रैस करीब 3.19 बजे जालंधर सिटी पहुंची। ब्यास में सत्संग के लिए जाने वाले यात्रियों ने इस ट्रेन का रुख किया। यात्रियों के सवार होने के बाद स्टेशन पर भीड़ कुछ कम हुई और यात्री अपने गंतव्य की ओर रवाना हुए। स्टेशन पर यात्रियों ने बताया कि रेल यातायात प्रभावित होने से उनकी यात्रा का पूरा कार्यक्रम बिगड़ गया।

कुछ यात्रियों को काफी देर तक ट्रेन के चलने का इंतजार करना पड़ा, जबकि जरूरी काम से जाने वाले यात्रियों ने समय बचाने के लिए ऑटो और टैक्सी का सहारा लिया। दिल्ली से अमृतसर जा रहे विनोद भारद्वाज ने कहा कि सीट कंफर्म होने के बावजूद ट्रेन इस प्रकार से प्रभावित हो जाने से काफी परेशानी होती है। अब मजबूरी में निजी वाहन से जाना पड़ेगा, जिसमें किराया ट्रेन के मुकाबले करीब दोगुना हो जाएगा।

Exit mobile version