Site icon Dainik Savera Times

लुधियाना स्टेशन पर रेलवे का ‘सरप्राइज टिकट चेकिंग’ अभियान, 100 से अधिक यात्री बिना टिकट के पकड़े

surprise ticket-checking

surprise ticket-checking

लुधियाना: उत्तर रेलवे के फिरोजपुर मंडल ने बुधवार को लुधियाना रेलवे स्टेशन पर बिना टिकट यात्रा करने वालों के खिलाफ विशेष ‘सरप्राइज टिकट चेकिंग’ अभियान चलाया। इस दौरान 100 से अधिक यात्री बिना वैध टिकट यात्रा करते हुए पाए गए। रेलवे ने इन यात्रियों से जुर्माने के रूप में करीब 95 हजार रुपये का राजस्व वसूल किया। अभियान में टिकट जांच कर्मचारियों और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की संयुक्त टीम ने स्टेशन परिसर और ट्रेनों में सघन जांच की। इस विशेष कार्रवाई में 10 टिकट चेकिंग स्टाफ और आरपीएफ के जवान शामिल रहे।

रेलवे अधिकारियों ने बताया कि अभियान का उद्देश्य केवल बिना टिकट यात्रियों पर कार्रवाई करना नहीं, बल्कि लोगों को वैध टिकट लेकर यात्रा करने के लिए जागरूक करना भी है। जांच के दौरान यात्रियों को रेलवे नियमों का पालन करने और निर्धारित श्रेणी के कोच में ही यात्रा करने की सलाह दी गई।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक बसंत कुमार ने यात्रियों से अपील करते हुए कहा कि वे हमेशा वैध टिकट लेकर ही यात्रा करें। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुविधा, रेल राजस्व की सुरक्षा और यात्रा व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए भविष्य में भी इस तरह के औचक टिकट जांच अभियान नियमित रूप से जारी रहेंगे।

रेलवे का कहना है कि ऐसे विशेष अभियान बिना टिकट और अनियमित यात्रा पर अंकुश लगाने के साथ-साथ यात्रियों में जिम्मेदार यात्रा की भावना को भी बढ़ावा देते हैं।

Exit mobile version