Site icon Dainik Savera Times

रेलवे कर्मचारियों ने पेश की ईमानदारी की मिसाल, विदेशी यात्रियों का छूटा सामान सुरक्षित लौटाया

अमृतसर: लुधियाना रेलवे स्टेशन पर ड्यूटी के दौरान टिकट निरीक्षक कार्यालय में कार्यरत टिकट चेकिंग स्टाफ अमनप्रीत सिंह ने अपनी तत्परता, सूझबूझ और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए दो विदेशी यात्रियों का छूटा हुआ सामान सुरक्षित वापस दिलाकर उत्कृष्ट सेवा का परिचय दिया।

ड्यूटी के दौरान दो विदेशी यात्री अत्यंत व्यथित अवस्था में टिकट निरीक्षक कार्यालय पहुंचे। उन्होंने बताया कि उनका सामान, जिसमें 7 बैग, 3 लैपटॉप, पासपोर्ट तथा अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज शामिल थे, ट्रेन संख्या 15708 में छूट गया है।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अमनप्रीत सिंह ने तुरंत ट्रेन संख्या 15708 में ड्यूटी पर तैनात टिकट चेकिंग स्टाफ से संपर्क कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी तथा सामान को सुरक्षित रखने का अनुरोध किया। इसके साथ ही उन्होंने वाणिज्य नियंत्रण कक्ष, फिरोजपुर को सूचना देकर आवश्यक समन्वय स्थापित किया, ताकि सरहिंद रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) सामान को सुरक्षित अपने संरक्षण में ले सके।

इसके उपरांत अमनप्रीत सिंह ने दोनों विदेशी यात्रियों को ट्रेन संख्या 22430 से सरहिंद जाकर आरपीएफ कार्यालय से अपना सामान प्राप्त करने का उचित मार्गदर्शन दिया। सरहिंद स्टेशन पर आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद आरपीएफ ने यात्रियों को उनका समस्त सामान सुरक्षित सुपुर्द कर दिया। अपना सामान सकुशल वापस मिलने पर दोनों विदेशी यात्रियों ने भारतीय रेलवे, आरपीएफ तथा टिकट चेकिंग स्टाफ विशेष रूप से अमनप्रीत सिंह के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक बसंत कुमार ने अमनप्रीत सिंह के सराहनीय कार्य की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह घटना रेलवे कर्मचारियों की ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और यात्रियों के प्रति समर्पित सेवा भावना का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्य न केवल भारतीय रेलवे की सकारात्मक छवि को सुदृढ़ करते हैं, बल्कि यात्रियों का विश्वास भी और अधिक मजबूत करते हैं।

📍 Location: Amritsar (Amritsar)

Exit mobile version