Punjab Weather Update: पंजाब में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। आज, 6 अक्टूबर से प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम खराब होने की संभावना जताई गई है। अगले चार दिनों के दौरान कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाओं का भी असर देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने 6 और 10 अक्टूबर को आंधी-तूफान और तेज हवाओं को लेकर अलर्ट जारी किया है।
पश्चिमी विक्षोभ के कारण बदलेगा मौसम
मौसम विज्ञान केंद्र, चंडीगढ़ के अनुसार पंजाब और चंडीगढ़ में मौसम में बदलाव एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण आएगा। यह सिस्टम ऊपरी वायुमंडल में सक्रिय है, जिसके चलते 6 और 7 अक्टूबर को प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना है।
इन दो दिनों में हवाओं की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। मौसम में बदलाव के कारण दिन के तापमान में भी गिरावट दर्ज की जा सकती है।
8 और 9 अक्टूबर को भी बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक 8 और 9 अक्टूबर को पंजाब के कुछ इलाकों में बारिश हो सकती है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
वहीं, 10 और 11 अक्टूबर को भी प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं। लगातार बदलते मौसम के कारण लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है।
ये भी पढ़ें…
तापमान सामान्य से 1.8 डिग्री ज्यादा
मौसम में बदलाव के बावजूद पंजाब में अधिकतम तापमान फिलहाल सामान्य से ऊपर बना हुआ है। पिछले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में करीब 0.1 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई। प्रदेश का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से करीब 1.8 डिग्री अधिक है।
पंजाब में सबसे अधिक 37.1 डिग्री सेल्सियस तापमान बठिंडा में रिकॉर्ड किया गया।

