Site icon Dainik Savera Times

अब बढ़ेंगे जमीनों के रेट, पंजाब सरकार ने पटियाला के 8 गांव मोहाली में किए शामिल

Patiala : मोहाली और आसपास के शहरों में रियल एस्टेट की बढ़ती कीमतों को ध्यान में रखते हुए पंजाब सरकार ने पटियाला और राजपुरा तहसील के 8 गांवों को आधिकारिक तौर पर मोहाली जिले के बनूड़ तहसील में स्थानांतरित कर दिया है। राजस्व, पुनर्वास और आपदा प्रबंधन विभाग ने इस संबंध में नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। राजस्व, पुनर्वास और आपदा प्रबंधन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव अनुराग वर्मा द्वारा जारी नोटिफिकेशन में कहा गया है कि गांवों का यह स्थानांतरण पंजाब भूमि राजस्व अधिनियम, 1887 की धारा 5 और पंजीकरण अधिनियम, 1908 की धारा 5 और इस संबंध में उन्हें सक्षम करने वाली सभी अन्य शक्तियों द्वारा दी गई शक्तियों के तहत निष्पादित किया गया है।

राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने इस पर मुहर लगा दी है। इस संबंध में पंजाब विधासभा में इस संबंधी एक प्रस्ताव पारित किया गया था। राज्य सरकार ने यह नोटिफिकेशन इसलिए जारी किया है। क्योंकि, मोहाली के अधिकार क्षेत्र में आने वाले गांवों के जमीन मालिकों को जमीन के ऊंचे दाम मिल रहे हैं जबकि पटियाला के अंतर्गत आने वाले गांवों में जमीन की कीमतें उतनी नहीं बढ़ रही थीं। इन गांवों के मोहाली में शामिल होने के बाद जमीन की कीमतों में बढ़ौतरी होगी क्योंकि मोहाली का सर्किल रेट अधिक है।

इस गांवों को मोहाली में शामिल किए जाने की मांग लंबे समय से चल रही थी। इसका मुख्य कारण यह है कि राजपुरा जाकर जमीन के सौदे को अंतिम रूप देने और नौकरशाही की मंजूरी प्राप्त करने में समस्या को जमीन के दामों में गिरावट का मुख्य कारण माना जा रहा है। मोहाली की बनूड़ तहसील में जिन गांवों को स्थानांतरित किया गया है उनके नाम मानकपुर (एचबी नंबर 272), खेड़ा गज्जू (एचबी नंबर 269), उरना (एचबी नंबर 2), चंगेरा (एचबी नंबर 243), ऊंचा खेड़ा (एचबी नंबर 243), गुरदितपुरा (एचबी नंबर 268), हदायतपुरा (एचबी नंबर 270) और लेहला (एचबी नंबर 267) शामिल हैं।

Exit mobile version