Site icon Dainik Savera Times

गरीब परिवारों के राशन कार्ड किसी कीमत पर नहीं कटने दिए जाएंगे : डिप्टी स्पीकर

गढ़शंकर Ration card: गढ़शंकर विधानसभा क्षेत्र से विधायक एवं पंजाब विधानसभा के डिप्टी स्पीकर स. जय कृष्ण सिंह रौड़ी ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार पंजाब के लगभग 55 लाख जरूरतमंद और गरीब लोगों के राशन पर डाका डालना चाहती है लेकिन मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार किसी भी जरूरतमंद व्यक्ति का राशन नहीं छीनने देगी।

डिप्टी स्पीकर ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार ने सबसे पहले के.वाई.सी. लागू किया। वेरिफिकेशन के नाम पर 23 लाख लोगों का राशन बंद कर दिया गया है और अब पंजाब सरकार को नया तानाशाही फरमान जारी कर 8 लाख 2 हजार 500 राशन कार्ड (करीब 32 लाख लोग) काटने को कहा गया है। इस तरह केंद्र सरकार पंजाब के करीब 55 लाख जरूरतमंद लोगों का राशन छीनने की कगार पर है।

उन्होंने कहा कि पंजाब में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत करीब 1 करोड़ 53 लाख लाभार्थी हैं और 1 करोड़ 29 लाख लाभार्थियों का वेरिफिकेशन हो चुका है और बाकी के लिए प्रक्रिया जारी है। पंजाब में भाजपा द्वारा कैंप लगाने पर की गई कार्रवाई के संबंध में पूछे गए सवाल के जवाब में डिप्टी स्पीकर ने कहा कि पुलिस को उन कैंपों में लोगों से पैसे लिए जाने और उनके बैंक खातों का विवरण लिए जाने की शिकायतें मिली थीं।

उन्होंने कहा कि अगर किसी आम आदमी के खाते से पैसे निकल गए तो कौन जि़म्मेदार होगा? डिप्टी स्पीकर ने कहा कि अगर केंद्र की भाजपा सरकार लोगों का भला करने की इतनी ही इच्छुक है, तो सबसे पहले सभी देशवासियों के खातों में किए गए वादे (जुमला) के अनुसार 15 लाख रुपये (डीटीपी) ट्रांसफर करे, जो पिछले 11 सालों से प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की तरफ बकाया हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार पंजाब के लगभग 55 लाख जरूरतमंद और गरीब लोगों का राशन छीनना चाहती है, लेकिन मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की सरकार किसी को भी उनका राशन छीनने नहीं देगी।

Exit mobile version