Site icon Dainik Savera Times

जालंधर के नौगज्जा में बनेगा रविदास वाणी सेंटर, CM भगवंत मान ने रखी नींव

पंजाब डेस्क: जालंधर के नौगज्जा में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने आज श्री गुरु रविदास जी वाणी अध्ययन केंद्र की आधारशिला रखी गई। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने इस अवसर पर कहा कि यह केंद्र आने वाली पीढ़ियों को गुरु रविदास महाराज की वाणी, विचारों और जीवन से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। केंद्र में विद्यार्थियों को गुरु रविदास महाराज के जीवन और उनकी शिक्षाओं पर अध्ययन एवं शोध का अवसर मिलेगा।

आने वाली पीढ़ियों के लिए ज्ञान का केंद्र बनेगा

नींव रखने के बाद मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि उनके लिए यह गौरव का क्षण है कि जालंधर में ऐसा अध्ययन केंद्र आकार लेने जा रहा है। उनका कहना था कि यहां बच्चे गुरु रविदास महाराज के जीवन और उनकी वाणी पर रिसर्च कर सकेंगे।

उन्होंने कहा कि धार्मिक और सामाजिक विचारों की समझ को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए ऐसे संस्थानों की जरूरत है। अध्ययन केंद्र युवाओं को अपनी विरासत और गुरु रविदास महाराज की शिक्षाओं से जोड़ने का माध्यम बनेगा।

‘पंजाब को पंजाब ही बनाना है, कैलेफोर्निया नहीं’

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में पंजाब के विकास को लेकर सरकार की प्राथमिकताओं का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य पंजाब को उसकी अपनी पहचान और क्षमता के साथ आगे बढ़ाना है। उन्होंने कहा, “हमें पंजाब बनाना है, कैलेफोर्निया नहीं।”

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सरकारी स्कूलों में शिक्षा व्यवस्था का जिक्र करते हुए कहा कि एक समय सरकारी स्कूलों को लेकर लोगों की धारणा अलग थी, लेकिन अब बच्चे वहां पढ़ाई करने के लिए जाते हैं। उन्होंने महिलाओं को दी जा रही आर्थिक सहायता का भी उल्लेख किया और कहा कि सरकार की योजनाओं का उद्देश्य लोगों को सीधा लाभ पहुंचाना है।

संत निरंजन दास की मौजूदगी पर जताई खुशी

कार्यक्रम में डेरा बल्लां के प्रमुख संत निरंजन दास की मौजूदगी पर मुख्यमंत्री ने विशेष खुशी जताई। उन्होंने कहा कि संत निरंजन दास का कार्यक्रम में शामिल होना उनके लिए महत्वपूर्ण है।

मुख्यमंत्री ने संत निरंजन दास को पद्मश्री मिलने का भी उल्लेख करते हुए इसे समाज के लिए खुशी का अवसर बताया। उन्होंने कहा कि गुरु रविदास महाराज की वाणी और विचारों से जुड़ा यह अध्ययन केंद्र लंबे समय तक आने वाली पीढ़ियों के लिए उपयोगी साबित होगा।

दोआबा की राजनीति में डेरा बल्लां का बढ़ता प्रभाव

जालंधर स्थित डेरा बल्लां लंबे समय से दोआबा क्षेत्र की सामाजिक और राजनीतिक गतिविधियों में प्रभावशाली केंद्र माना जाता है। जालंधर के अलावा नवांशहर, होशियारपुर और कपूरथला जिलों में भी डेरे से बड़ी संख्या में संगत जुड़ी हुई है। यही वजह है कि विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता समय-समय पर डेरा बल्लां पहुंचते रहे हैं।

दोआबा क्षेत्र की राजनीति में रविदासिया समुदाय की महत्वपूर्ण भूमिका को देखते हुए डेरा बल्लां की गतिविधियां राजनीतिक रूप से भी चर्चा में रहती हैं।

ये भी पढ़ें…

शिक्षा और विरासत को जोड़ने पर जोर

श्री गुरु रविदास जी वाणी अध्ययन केंद्र को लेकर सरकार की ओर से इसे धार्मिक ज्ञान, शोध और नई पीढ़ी को अपनी विरासत से जोड़ने वाली पहल के तौर पर प्रस्तुत किया गया है। आने वाले समय में यहां होने वाले अध्ययन और शोध से गुरु रविदास महाराज की वाणी एवं विचारों को अकादमिक स्तर पर समझने का अवसर मिलने की उम्मीद है।

Exit mobile version