पंजाब डेस्क: पंजाब के लुधियाना में शनिवार दोपहर करीब दो बजे एक बड़ा राजनीतिक ड्रामा देखने को मिला। बीजेपी नेता और पूर्व केंद्रीय रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। वे पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के काफिले पर टमाटर और अंडे फेंकने की कोशिश कर रहे थे।
आम आदमी पार्टी (आप) ने लुधियाना में एक बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया था। इसमें मुख्यमंत्री भगवंत मान, मनीष सिसोदिया और पार्टी के कई अन्य नेता शामिल होने वाले थे। सभी नेता कार्यक्रम के लिए लुधियाना पहुंच रहे थे। मुख्यमंत्री का काफिला पंजाब खेतीबाड़ी यूनिवर्सिटी (पीएयू) के बाहर से गुजरना था।
बिट्टू हाथ में टमाटर लेकर पहुंच गए
इसी रास्ते पर रवनीत बिट्टू हाथ में टमाटर लेकर पहुंच गए। पुलिस ने उन्हें पहले ही आगे बढ़ने से रोक दिया। जब मुख्यमंत्री का काफिला वहां से निकला, तो बिट्टू ने भगवंत मान की गाड़ी पर टमाटर फेंकने की कोशिश की। पुलिस मौके पर मौजूद थी और उसने उन्हें तुरंत हिरासत में ले लिया। बिट्टू काफिले के बहुत करीब नहीं पहुंच पाए थे, लेकिन पीएयू गेट तक जरूर पहुंच गए थे। पुलिस उन्हें वहां से ले गई।
इस पूरे मामले की जड़ एक दिन पहले की घटना है। शुक्रवार को बटाला के पास रवनीत बिट्टू के काफिले पर आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने अंडे और टमाटर फेंके थे। उसी घटना के विरोध में बिट्टू आज लुधियाना पहुंचे थे। उनका मकसद था कि वे भी मुख्यमंत्री के काफिले पर टमाटर फेंककर जवाब दें।
पुलिस ने बिट्टू को हिरासत में लिया
इस तरह दो दिनों में दो बार राजनीतिक टकराव सामने आया। पहले बिट्टू के काफिले पर अंडे-टमाटर फेंके गए और अब बिट्टू खुद टमाटर लेकर मुख्यमंत्री के काफिले के रास्ते पर पहुंच गए। इस घटना ने बीजेपी और आम आदमी पार्टी के बीच की खींचतान को और साफ कर दिया। फिलहाल पुलिस ने बिट्टू को हिरासत में लिया है। आगे की कार्रवाई की जानकारी अभी उपलब्ध नहीं है।

