Site icon Dainik Savera Times

धर्मकोट और बाघापुराना में निकाय चुनाव की तैयारियां तेज

Re-Polling Preparations Intensified : मोगा। जिले की नगर परिषद धर्मकोट और बाघापुराना में दोबारा चुनाव करवाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। सुप्रीम कोर्ट और पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के निर्देशों के बाद प्रशासन ने मतदान केंद्रों, ईवीएम, चुनाव स्टाफ और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण चुनाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न करवाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन की ओर से पोलिंग स्टेशनों सहित सभी जरूरी प्रबंध मुकम्मल कर लिए गए हैं। इसी संबंध में डिप्टी कमिश्नर-कम-जिला चुनाव अधिकारी ने संबंधित रिटर्निंग अधिकारियों और विभिन्न विभागों के नोडल अधिकारियों के साथ विशेष बैठक कर चुनावी तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि चुनाव आयोग की ओर से जारी सभी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन किया जाए और चुनाव प्रक्रिया के किसी भी चरण में लापरवाही न बरती जाए।

डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि नगर परिषद धर्मकोट के वार्ड नंबर 1, 2, 3, 4, 7, 9 और 13 में पुनः चुनाव करवाए जाएंगे, जबकि नगर परिषद बाघापुराना के सभी 15 वार्डों में दोबारा मतदान होगा। इन चुनावों में मतदाता इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) के माध्यम से अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। बैठक के दौरान डिप्टी कमिश्नर ने पोलिंग स्टेशनों पर मतदाताओं के लिए उपलब्ध करवाई जाने वाली बुनियादी सुविधाओं, चुनाव स्टाफ की तैनाती, ईवीएम की उपलब्धता और सुरक्षा, चुनाव सामग्री के वितरण, परिवहन व्यवस्था तथा सुरक्षा प्रबंधों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मतदान केंद्रों पर आने वाले मतदाताओं को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

इसके साथ ही चुनावी ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों को समय पर प्रशिक्षण देने और उनकी जिम्मेदारियां स्पष्ट करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने बताया कि चुनाव प्रबंधों के लिए बाघापुराना में एसडीएम गगनदीप सिंह और धर्मकोट में एसडीएम गुरविंदर सिंह को रिटर्निंग अधिकारी नियुक्त किया गया है। दोनों अधिकारियों को संबंधित विभागों के नोडल अधिकारियों के साथ बेहतर तालमेल बनाकर चुनाव प्रक्रिया के प्रत्येक चरण की नियमित निगरानी करने को कहा गया है। डिप्टी कमिश्नर ने स्पष्ट किया कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव बेहद जरूरी हैं।

जिला प्रशासन यह सुनिश्चित करेगा कि प्रत्येक योग्य मतदाता बिना किसी डर, दबाव या भेदभाव के अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सके। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और चुनाव प्रक्रिया की पवित्रता कायम रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। किसी भी अधिकारी या कर्मचारी की ओर से ड्यूटी में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Exit mobile version