पंजाब डेस्कः पंजाब में आज आम लोगों को बड़ी राहत मिलने वाली है। कौमी इंसाफ मोर्चा और भारतीय किसान यूनियन (एकता भटेड़ी कला) के फैसले के अनुसार आज सुबह 11 बजे से शाम 3 बजे तक प्रदेश के सभी टोल प्लाजा फ्री रहेंगे। इस दौरान किसी भी वाहन से टोल टैक्स नहीं वसूला जाएगा। कौमी इंसाफ मोर्चा ने सिख बंदियों की रिहाई की मांग को लेकर पंजाब भर के टोल प्लाजा पर धरना देने का ऐलान किया है। इसी के तहत आज चार घंटे के लिए टोल फ्री करने का फैसला लिया गया है, ताकि सरकार तक अपनी आवाज पहुंचाई जा सके।
राजपुरा ब्लॉक में हुई अहम बैठक
भारतीय किसान यूनियन एकता भटेड़ी कला के राजपुरा ब्लॉक में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में कई बड़े फैसले लिए गए। यूनियन नेता बलकार सिंह फौजी जस्सोवाल ने बताया कि धेरडी जट्टां (पटियाला), शंभू हरियाणा–पंजाब बॉर्डर, बनूड़ टोल प्लाजा। इन सभी जगहों पर टोल पूरी तरह फ्री रहेगा। इसके साथ ही पंजाब के अन्य टोल प्लाजा भी इस फैसले में शामिल रहेंगे।
13 जनवरी को बिजली बिलों के खिलाफ प्रदर्शन
बैठक में यह भी तय किया गया कि 13 जनवरी को लोहड़ी के दिन किसान संगठन बिजली बिल 2025 की कॉपियां जलाकर विरोध प्रदर्शन करेगा। यह प्रदर्शन बढ़ते बिजली बिलों और चिप वाले मीटरों के खिलाफ किया जाएगा।
21–22 जनवरी को चिप वाले मीटर हटाए जाएंगे
यूनियन ने ऐलान किया कि आंदोलन के दूसरे चरण में 21 और 22 जनवरी को चिप लगे बिजली मीटर निकालकर संबंधित सब-डिवीजन दफ्तरों में जमा करवाए जाएंगे। यह कदम किसानों और आम उपभोक्ताओं की समस्याओं को लेकर उठाया जाएगा।
पुराने पहचान पत्र रद्द, नए कार्ड होंगे जारी
मीटिंग में यह फैसला भी लिया गया कि संगठन द्वारा पहले जारी किए गए सभी पुराने पहचान पत्र रद्द कर दिए गए हैं। अब केवल नए पहचान पत्र ही मान्य होंगे। नए पहचान पत्रों में प्रदेश अध्यक्ष के हस्ताक्षर, सदस्य की स्कैन की गई फोटो, लगाई जाएगी, ताकि कोई भी व्यक्ति नकली कार्ड न बना सके।
नकली या पुराने कार्ड पर होगी कार्रवाई
जत्थेबंदी ने सभी सदस्यों से अपील की है कि वे अपने-अपने नेताओं से संपर्क करके जल्द से जल्द नए चिप वाले पहचान पत्र बनवा लें। संगठन ने चेतावनी दी है कि अगर कोई व्यक्ति पुराने कार्ड का इस्तेमाल करता है। या नकली पहचान पत्र बनाता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

