Site icon Dainik Savera Times

गणतंत्र दिवस पर पंजाब में रेड अलर्ट जारी, भारी पुलिस बल किया तैनात

चंडीगढ़: मुख्यमंत्री भगवंत मान के निर्देशानुसार सीमावर्ती राज्य पंजाब में गणतंत्र दिवस 2023 का शांतिपूर्ण आयोजन सुनिश्चित करने के लिए बुधवार को पूरे राज्य में रेड अलर्ट जारी कर दिया गया है। डीजीपी गौरव यादव ने सभी कमिश्नरों- एसएसपी के साथ सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा की और अपने-अपने अधिकार क्षेत्रों में पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का आदेश दिया। उन्होंने सभी स्टेशन हाउस अधिकारियों और राजपत्रित अधिकारियों को गणतंत्र दिवस समारोह की समाप्ति तक फील्ड में रहने के लिए भी कहा। राज्य के महत्वपूर्ण जिलों में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा के लिए चंडीगढ़ के वरिष्ठ अधिकारियों को भी प्रतिनियुक्त किया गया है और संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त बल भी तैनात किए गए हैं।

राज्य स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह में पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए स्वयं जालंधर में डेरा डाले हुए अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक कानून व्यवस्था अर्पित शुक्ला ने अधिक जानकारी देते हुए कहा कि डीजीपी पंजाब द्वारा वाहनों और संदिग्ध लोगों की व्यापक जांच के आदेश भी दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि राज्य में सभी अंतरराज्यीय और अंतरजिला सीमाओं को सील कर दिया गया है। उन्होंने पंजाब के लोगों से हर समय सतर्क रहने और कोई संदिग्ध मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचना देने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि लोग 112 या 181 हेल्पलाइन नंबरों पर पुलिस को सूचित कर सकते हैं। इस बीच, पंजाब के राज्यपाल बनवारीलाल पुरोहित गुरुवार को जालंधर में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे और सलामी लेंगे।

 

 

 

Exit mobile version