Last Updated: November 12, 2026

Dainik Savera Times Logo

अकाली दल के धरने में रामगढ़िया बिरादरी पर टिप्पणी, पूर्व सैनिक पर केस दर्ज

September 17, 2026

अकाली दल के धरने में रामगढ़िया बिरादरी पर टिप्पणी, पूर्व सैनिक पर केस दर्ज

खन्ना : खन्ना में शिरोमणि अकाली दल की ओर से बिजली कटों के विरोध में लगाए गए धरने के दौरान रामगढ़िया बिरादरी को लेकर की गई टिप्पणी अब विवाद का केंद्र बन गई है। धरने में संबोधित करते हुए पूर्व सैनिक बलविंदर शर्मा द्वारा रामगढ़िया बिरादरी के संबंध में की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला पुलिस तक पहुंचा। रामगढ़िया बिरादरी चेयरमैन हरजीत सिंह सोहल की शिकायत पर खन्ना पुलिस ने बलविंदर शर्मा फौजी निवासी गुरु हरिकृष्ण नगर खन्ना के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

मामला सामने आने के बाद अब यह विवाद राजनीतिक रूप भी ले चुका है। बलविंदर शर्मा की गिरफ्तारी के बाद शिरोमणि अकाली दल के नेता और कार्यकर्ता सिटी थाना-1 के बाहर पहुंच गए और पुलिस कार्रवाई के खिलाफ रोष जताया। दूसरी तरफ रामगढ़िया बिरादरी के नेताओं ने डीएसपी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन करते हुए साफ कर दिया कि बिरादरी के खिलाफ की गई कथित टिप्पणी को लेकर किसी तरह का राजनीतिक दबाव स्वीकार नहीं किया जाएगा।

मामले की शुरुआत 16 सितंबर को हुई, जब शिरोमणि अकाली दल की ओर से पंजाब में बिजली कटों के विरोध में सरकार के खिलाफ धरने दिए गए। इसी कड़ी में खन्ना में एसडीएम कार्यालय के बाहर भी अकाली दल ने धरना लगाया था। धरने के दौरान पूर्व सैनिक बलविंदर शर्मा ने पंजाब सरकार और बिजली मंत्री के खिलाफ भाषण दिया। इसी भाषण के दौरान रामगढ़िया बिरादरी को लेकर की गई टिप्पणी पर विवाद खड़ा हो गया। टिप्पणी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। इसके बाद रामगढ़िया बिरादरी वेलफेयर बोर्ड के चेयरमैन हरजीत सिंह सोहल ने खन्ना पुलिस को शिकायत दी।

शिकायत में आरोप लगाया गया कि बलविंदर शर्मा ने बिरादरी के संबंध में गलत और आपत्तिजनक शब्दावली का इस्तेमाल किया, जिससे समुदाय की भावनाओं को ठेस पहुंची। पुलिस ने शिकायत की जांच के बाद बलविंदर शर्मा के खिलाफ मामला दर्ज किया और उसे गिरफ्तार कर लिया। डीएसपी खन्ना विनोद कुमार के मुताबिक पुलिस को हरजीत सिंह सोहल की ओर से शिकायत प्राप्त हुई थी और उसी के आधार पर कानून के अनुसार मामला दर्ज किया गया है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें