
लुधियाना: दयानंद मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (DMC&H) की ओर से ‘रिसर्च डे-2026’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में संस्थान के 300 से अधिक फैकल्टी सदस्य, शोधकर्ता और MBBS व पोस्टग्रेजुएट छात्र शामिल हुए। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च (ICMR) के महानिदेशक डॉ. राजीव बहल रहे। इस अवसर पर संस्थान की रिसर्च एंड डेवलपमेंट पॉलिसी भी लॉन्च की गई। कार्यक्रम का उद्देश्य मेडिकल क्षेत्र में शोध को बढ़ावा देना और विद्यार्थियों व युवा शोधकर्ताओं को रिसर्च के लिए प्रोत्साहित करना रहा।
छात्रों ने रिसर्च प्रतियोगिताओं में लिया हिस्सा
रिसर्च डे के दौरान MBBS, MD/MS और DM/MCh स्तर के प्रतिभागियों के लिए अलग-अलग प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इनमें बेस्ट एब्स्ट्रैक्ट, ओरल प्रेजेंटेशन और ई-पोस्टर जैसी श्रेणियां शामिल थीं। प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विजेताओं को 25 हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया गया। वहीं, प्रतियोगिता में शामिल सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।
रिसर्च से बेहतर होगी स्वास्थ्य सेवाएं
मुख्य अतिथि डॉ. राजीव बहल ने अपने संबोधन में मेडिकल रिसर्च की भूमिका पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने और मरीजों को अधिक प्रभावी इलाज उपलब्ध कराने के लिए वैज्ञानिक शोध बेहद जरूरी है। उन्होंने युवा शोधकर्ताओं से अधिक संख्या में क्लिनिकल ट्रायल्स में हिस्सा लेने की अपील की। साथ ही उन्होंने शोध के दौरान गुणवत्ता, नैतिकता और मरीजों के हित को प्राथमिकता देने की बात कही।
DMC&H में रिसर्च को दी जा रही प्राथमिकता
DMC&H के प्रिंसिपल डॉ. जी.एस. वांडर ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि संस्थान में मेडिकल रिसर्च को लगातार प्रोत्साहित किया जाता है और शोध से जुड़े कार्यों को विशेष महत्व दिया जाता है।DMC&H मैनेजिंग सोसाइटी के सेक्रेटरी बिपिन गुप्ता ने कहा कि संस्थान छात्रों और फैकल्टी सदस्यों को शोध के लिए बेहतर माहौल देने के साथ जरूरी सहयोग भी उपलब्ध करा रहा है।
कार्यक्रम में डॉ. संदीप कौशल, डॉ. संदीप शर्मा, डॉ. बिषव मोहन और डॉ. आशिमा तनेजा सहित मैनेजिंग सोसाइटी और रिसर्च एंड डेवलपमेंट कमेटी के सदस्य मौजूद रहे। बड़ी संख्या में फैकल्टी सदस्यों ने भी कार्यक्रम में भाग लिया। कार्यक्रम के अंत में डॉ. संदीप कौशल ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों और आयोजकों का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया।