
जीरकपुर: सुषमा वैलेंसीया सोसाइटी के निवासियों ने बिजली, पानी और लिफ्ट जैसी बुनियादी सुविधाएं ठप होने से परेशान होकर मंगलवार शाम करीब 7 बजे सुषमा बिल्डर के खिलाफ सांकेतिक प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में एकत्र हुए लोगों ने हाथों में बैनर और मोबाइल फ्लैशलाइट और मामबत्तियां जलाकर अपनी नाराजगी जाहिर की।
प्रदर्शन में शामिल निवासियों का आरोप है कि सोसाइटी में लगातार बिजली और पानी की समस्या बनी हुई है, जबकि लिफ्ट सेवाएं भी बार-बार बंद हो रही हैं, जिससे बुजुर्गों और बच्चों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने “नो वॉटर, नो पावर” जैसे नारे लगाते हुए बिल्डर के खिलाफ रोष प्रकट किया। स्थिति को देखते हुए जीरकपुर पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को शांतिपूर्ण बनाए रखा। पुलिस की मौजूदगी में प्रदर्शन शांतिपूर्वक चला।
समिति के प्रधान ने चेतावनी देते हुए कहा कि यह केवल सांकेतिक प्रदर्शन है। यदि इसके बाद भी प्रशासन और बिल्डर ने समस्या का समाधान नहीं किया, तो सोसाइटी के सभी निवासी अपने घरों को ताला लगाकर बड़े स्तर पर आंदोलन करेंगे। वहीं 15 अप्रैल के बाद रोड जाम और धरना प्रदर्शन करेंगे। निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि उन्हें रोजमर्रा की परेशानियों से राहत मिल सके।