Site icon Dainik Savera Times

होशियारपुर में मुस्लिम संगठन पंजाब की अहम बैठक, रियाज़ खान बने प्रधान

Riyaz Khan becomes Pradhan. : जालंधर। मुस्लिम संगठन पंजाब की ओर से होशियारपुर के होटल रॉयल प्लाज़ा में एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जामा मस्जिद होशियारपुर के शाही इमाम मौलाना शमीम अहमद कासमी ने की। जबकि संगठन के प्रदेश अध्यक्ष एडवोकेट नईम खान और महासचिव मज़हर आलम मज़ाहिरी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

बैठक में संगठन को और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान महासचिव मज़हर आलम मज़ाहिरी ने समाजसेवी रियाज़ खान के नाम का प्रस्ताव जिला प्रधान होशियारपुर के लिए रखा, जिसे उपस्थित सदस्यों ने सर्वसम्मति से मंजूरी दे दी। इसके बाद एडवोकेट नईम खान ने रियाज़ खान को नियुक्ति पत्र सौंपकर उन्हें जिला प्रधान घोषित किया। अपने संबोधन में एडवोकेट नईम खान ने कहा कि मुस्लिम संगठन पंजाब समाज के गरीब, बेसहारा, पीड़ित और जरूरतमंद लोगों की सेवा के लिए समर्पित है।

जनजागरूकता पर संगठन का जोर

संगठन बिना किसी भेदभाव के जरूरतमंदों को कानूनी सहायता, सामाजिक सहयोग और हरसंभव मदद उपलब्ध कराएगा। उन्होंने कहा कि संगठन का उद्देश्य गांव-गांव और शहर-शहर तक सेवा कार्यों का विस्तार करना है। महासचिव मज़हर आलम मज़ाहिरी ने कहा कि संगठन की मजबूती कार्यकर्ताओं की निष्ठा और जनसेवा की भावना से ही संभव है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से समाज के बीच रहकर लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि संगठन शिक्षा, सामाजिक जागरूकता, कानूनी परामर्श, युवाओं के उत्थान और जरूरतमंद परिवारों की सहायता के लिए व्यापक स्तर पर अभियान चलाएगा।

Exit mobile version