Last Updated: September 23, 2026

Dainik Savera Times Logo

फरीदकोट में सड़क हादसा: तेज रफ़्तार कार ने बाइक को मारी टक्कर, युवक की मौके पर मौत

November 4, 2025

फरीदकोट में सड़क हादसा: तेज रफ़्तार कार ने बाइक को मारी टक्कर, युवक की मौके पर मौत

फरीदकोट : जिले के कलेर गाँव के पास देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, यह हादसा उस समय हुआ जब एक तेज़ रफ़्तार स्विफ्ट कार ने आगे जा रही बाइक को पीछे से ज़ोरदार टक्कर मार दी। आपको बता दें कि ये टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार युवक सड़क पर गिर गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

तेज रफ़्तार कार ने बाइक को मारी टक्कर

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मृतक गाँव तेहना का निवासी था और पास के एक कोल्ड स्टोर में काम करता था। हादसे के समय वह अपनी ड्यूटी कर रात में बाइक से घर लौट रहा था। जैसे ही वह कलेर गाँव के पास पहुँचा, तो पीछे से आ रही तेज़ रफ़्तार कार ने उसे टक्कर मार दी। हादसे के बाद स्थानीय लोग तुरंत घटनास्थल पर पहुँच गए और कार को घेर लिया। उन्होंने चालक को मौके पर ही पकड़ लिया, जबकि कार में सवार एक अन्य व्यक्ति मौके से फरार हो गया।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुँची पुलिस

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने कार चालक को हिरासत में ले लिया है तथा वाहन को जब्त कर लिया गया है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए फरीदकोट के सरकारी मेडिकल अस्पताल भेजा गया है।

पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच के अनुसार हादसा तेज़ रफ़्तार और लापरवाही के कारण हुआ है। मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस दर्दनाक हादसे से गाँव और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें