पंजाबः जालंधर में आज सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक बुजुर्ग महिला की जान चली गई। हादसा नकोदर चौक के पास उस समय हुआ जब एक सरकारी बस की चपेट में आने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया, जबकि पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक आज सुबह करीब साढ़े 9 बजे नकोदर चौक के पास एक सरकारी बस की चपेट में आने से एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही थाना नंबर 4 की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
मामले की जानकारी देते हुए थाना नंबर 4 के एएसआई जसविंदर सिंह ने बताया कि मृतका की पहचान सरोज, पत्नी मंगल सिंह, निवासी थाना फत्तू ढिंगा क्षेत्र के रूप में हुई है। उनकी उम्र करीब 55 से 60 वर्ष बताई जा रही है। उन्होंने बताया कि हादसे के बाद सरकारी बस का चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है। पुलिस ने सरकारी बस को अपने कब्जे में ले लिया है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि मृतका के बेटे के बयानों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। वहीं फरार बस चालक की तलाश के लिए पुलिस विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जिसके बाद परिजनों को सौंपा जाएगा।

