अमृतसर। पंजाब के मुख्यमंत्री सरदार भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार की ओर से ग्रामीण क्षेत्रों के सर्वांगीण विकास और बुनियादी ढांचे को मजबूत बनाने के लिए निरंतर विकास कार्य करवाए जा रहे हैं।
इसी कड़ी के तहत जिला अमृतसर के गांव मलकपुर में 40 लाख रुपये की लागत से 1.100 किलोमीटर लंबी विभिन्न इंटरलॉकिंग सड़कों का निर्माण कराया जाएगा। इन विकास कार्यों संबंधी जानकारी देते हुए पंजाब के लोक निर्माण मंत्री सरदार हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने बताया कि यह परियोजना स्पेशल असिस्टेंस स्कीम फेज-1 के अंतर्गत 5054 हेड के फंड से क्रियान्वित की जा रही है। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण कार्य शीघ्र शुरू किया जाएगा तथा इसे तीन माह की निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
ईटीओ ने विकास कार्य किए समर्पित
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री ने गांव मलकपुर में पूर्ण हुए विभिन्न विकास कार्यों को भी जनता को समर्पित किया। इनमें 9.80 लाख रुपये की लागत से निर्मित आंगनवाड़ी केंद्र, 2 लाख रुपये की लागत से स्थापित सोलर लाइटें, 5 लाख रुपये की लागत से निर्मित गलियां तथा 40 लाख रुपये की लागत से तैयार गांव की फिरनी (परिधीय सड़क) शामिल हैं। सरदार हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने कहा कि पंजाब सरकार का मुख्य उद्देश्य गांवों में बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराकर ग्रामीणों के जीवन स्तर को बेहतर बनाना है। उन्होंने कहा कि सड़कों, गलियों, प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य जनकल्याणकारी विकास कार्यों से ग्रामीणों के दैनिक जीवन को अधिक सुगम बनाने के साथ-साथ गांवों के समग्र विकास को भी गति मिलेगी। कैबिनेट मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विकास कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर तथा उच्च गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूरे किए जाएं, ताकि आम जनता को इन परियोजनाओं का लाभ शीघ्र मिल सके।

