जालंधर : पंजाब रोडवेज, पनबस और पीआरटीसी के कांट्रैक्ट कर्मचारियों की हड़ताल शुक्रवार को तीसरे दिन भी जारी रही। मांगों के समर्थन में बड़ी संख्या में कर्मचारी मोहाली में एकत्रित हुए और धरना दिया। इसका असर जालंधर में भी देखने को मिला। दोनों डिपो की सरकारी बसें बंद रहीं और पक्के कर्मचारियों की ओर से केवल 4 से 5 बसें ही चलाई गईं।
बसों की कमी के चलते यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए निजी बसों और अन्य साधनों का सहारा लेना पड़ा। मोहाली में दिनभर धरना देने के बाद कर्मचारियों ने रात करीब 8 बजे इसे समाप्त कर दिया। हालांकि, यूनियन ने स्पष्ट किया कि धरना खत्म हुआ है, हड़ताल नहीं। शनिवार को दोपहर 12 बजे ट्रांसपोर्ट मंत्री के साथ बैठक तय की गई है। यूनियन के मुताबिक, बैठक में मांगों का समाधान नहीं निकलने पर दोबारा धरना प्रदर्शन किया जाएगा।
कर्मचारी कांट्रैक्ट मुलाजिमों को सर्विस रूल के तहत पक्का करने, नए और पुराने आउटसोर्स कर्मचारियों को कांट्रैक्ट पर लाने, किलोमीटर स्कीम के तहत बसें चलाने पर रोक लगाने और कर्मचारियों के खिलाफ दर्ज कथित नाजायज पर्चे रद्द करने की मांग कर रहे हैं। फिलहाल जालंधर के दोनों डिपो से सरकारी बसों का नियमित संचालन प्रभावित है।

