Last Updated: September 30, 2026

Dainik Savera Times Logo

बडरूखां के ऐतिहासिक गुरुद्वारा साहिब में लूटपाट का 12 घंटे में खुलासा, 3 आरोपी गिरफ्तार

September 29, 2026

बडरूखां के ऐतिहासिक गुरुद्वारा साहिब में लूटपाट का 12 घंटे में खुलासा, 3 आरोपी गिरफ्तार

संगरूर : जिला संगरूर पुलिस ने असामाजिक तत्वों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना लौंगोवाल के अंतर्गत आने वाली पुलिस चौकी बडरूखां के क्षेत्र में स्थित गांव बडरूखां के ऐतिहासिक गुरुद्वारा साहिब में हुई लूटपाट की वारदात को पुलिस ने 12 घंटे के भीतर ट्रेस कर लिया है। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार करके उनके कब्जे से वारदात के समय इस्तेमाल की गई एक स्विफ्ट कार, दो देसी पिस्तौल .32 बोर सहित 6 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।

जिला पुलिस प्रमुख डॉ. रवजोत ग्रेवाल ने प्रेस को जानकारी देते हुए बताया कि 28 और 29 सितंबर की मध्यरात्रि करीब 1:30 बजे लूटपाट करने के इरादे से चार अज्ञात व्यक्ति गांव बडरूखां के ऐतिहासिक गुरुद्वारा साहिब में दाखिल हुए। उन्होंने सो रहे अजीब सिंह, जो गुरुद्वारा साहिब में सेवा करने वाला सेवादार है, को रस्सी से बांधने का प्रयास किया। इस दौरान अजीब सिंह ने अपने बचाव के लिए शोर मचाना शुरू कर दिया।
उन्होंने बताया कि शोर सुनकर गुरुद्वारा साहिब के अंदर सो रहा जसवंत सिंह सेवादार, जो लंगरी के रूप में सेवा निभा रहा था, जब बाहर आया तो अज्ञात व्यक्तियों में से एक ने उस पर गोली चला दी।

गोली लगने से जसवंत सिंह सेवादार गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए तुरंत सरकारी अस्पताल संगरूर में भर्ती करवाया गया। इस संबंध में मुकदमा नंबर 177, दिनांक 29.09.2026, धारा 331, 109, 115(2), 3(5) भारतीय न्याय संहिता और 25 आर्म्स एक्ट के तहत थाना लौंगोवाल में अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ दर्ज करके जांच शुरू की गई। मामले को ट्रेस करने के लिए इंस्पेक्टर गुलाब सिंह, मुख्य अधिकारी थाना लौंगोवाल, इंस्पेक्टर संदीप सिंह, इंचार्ज जिला अपराध जांच एजेंसी संगरूर और सहायक थानेदार जसविंदर सिंह, इंचार्ज पुलिस चौकी बडरूखां ने अलग-अलग टीमें गठित की गईं।

पुलिस टीमों ने मानवीय और तकनीकी सूचना की मदद से वारदात को अंजाम देने वाले आरोपियों की पहचान की। इसके बाद सरबजीत सिंह उर्फ सरबा पुत्र हरनेक सिंह और जगसीर सिंह उर्फ सीरा पुत्र महिंदर सिंह, दोनों निवासी कट्टू, जिला बरनाला, तथा गुरजीत सिंह उर्फ बब्बी पुत्र जरनैल सिंह निवासी करमचंद पट्टी, मेहराज, थाना फूल, जिला बठिंडा को 29.09.2026 को उक्त मुकदमे में नामजद करके गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के अनुसार इस मामले में गगनदीप सिंह पुत्र गुरविंदर सिंह निवासी जेठूके बुगरां, रामपुरा फूल, जिला बठिंडा की गिरफ्तारी अभी बाकी है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों के कब्जे से वारदात के समय इस्तेमाल की गई एक स्विफ्ट कार, दो देसी पिस्तौल .32 बोर सहित छह जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपियों का पुलिस रिमांड हासिल करके उनसे गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार पूछताछ के दौरान इस मामले से संबंधित और भी महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें