जालंधर: शहर के ढन्न मोहल्ले ग्राउंड के नजदीक पुराने मकान की छत अचानक गिरने से पिता-पुत्र समेत परिवार के तीन सदस्य घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ, जब परिवार के सदस्य घर के अंदर सो रहे थे। छत गिरने से दीपक और उसका 8 वर्षीय बच्चा मलबे के नीचे दब गए। छत गिरने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया।
लोगों ने मलबा हटाकर दीपक और उसके बच्चे को बाहर निकाला और उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। हादसे में दीपक के सिर और हाथों पर चोटें आई हैं, जबकि उसके 8 वर्षीय बच्चे की हालत गंभीर बताई जा रही है।
दीपक ने बताया कि वह ऑटो चलाकर परिवार का गुजारा करता है। उनका मकान काफी पुराना और पुश्तैनी है तथा लंबे समय से उसकी छतें जर्जर हालत में थीं। वह रात करीब 3:30 बजे के बीच वह परिवार के साथ सो रहा था।
इसी दौरान अचानक मकान की छत नीचे आ गिरी और परिवार के सदस्य मलबे में दब गए। हादसे के बाद परिवार के पास रहने के लिए सुरक्षित छत तक नहीं बची है। उसने बताया कि जर्जर छतों के लिए मिलने वाली सरकारी सहायता के संबंध में इलाके के पार्षद और प्रशासनिक अधिकारियों के पास आवेदन भी दिए थे, लेकिन अभी तक कोई समाधान नहीं हुआ।
दीपक ने प्रशासन से परिवार की आर्थिक मदद करने के साथ-साथ रहने के लिए सुरक्षित व्यवस्था करवाने की गुहार लगाई है, ताकि वह अपने परिवार को दोबारा सुरक्षित छत मुहैया करवा सके।

