जालंधर: महानगर में चोरी की वारदातों पर पूरी तरह से लगाम नहीं लग पा रही है। अब ताजा मामला रोज पार्क इलाके से सामने आया है, जहां दिनदहाड़े एक व्यक्ति घर के बाहर खड़ी साइकिल चोरी कर फरार हो गया। चोरी की पूरी वारदात घर के बाहर लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई।
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 9:18 बजे एक व्यक्ति रोज पार्क की गली में घूमता हुआ दिखाई दिया। कुछ देर तक इधर-उधर घूमने के बाद वह एक घर के बाहर खड़ी साइकिल के पास पहुंचा और उसे उठाकर वहां से फरार हो गया। पूरी घटना CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई।
घर के मालिक के अनुसार, उनके घर में लेबर का काम करने के लिए एक व्यक्ति आया हुआ था। उसने अपनी साइकिल घर के बाहर खड़ी की थी। काम खत्म होने के बाद जब वह वापस जाने लगा तो उसे साइकिल मौके से गायब मिली।
इसके बाद आसपास तलाश करने के साथ ही घर के बाहर लगे CCTV कैमरों की फुटेज चेक की गई। फुटेज में एक व्यक्ति पैदल गली में आता दिखाई दिया, जो कुछ देर बाद मौका देखकर घर के बाहर खड़ी साइकिल उठाकर फरार हो गया।
दिनदहाड़े हुई चोरी की इस वारदात के बाद इलाके के लोगों में भी चिंता का माहौल है। पीड़ित ने मामले की जानकारी संबंधित पुलिस को देने की बात कही है। पुलिस द्वारा CCTV फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान और तलाश की जा रही है।
📍 Location: जालंधर रोज पार्क (जालंधर)

