Last Updated: September 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

लुधियाना में बड़ा बैंक लोन स्कैम: फर्जी दस्तावेजों से किया 18 करोड़ का घोटाला

February 28, 2026

लुधियाना में बड़ा बैंक लोन स्कैम: फर्जी दस्तावेजों से किया 18 करोड़ का घोटाला

पंजाब डेस्क: लुधियाना में करोड़ों रुपये के बैंक लोन घोटाले का मामला सामने आया है। बता दें कि AAU स्मॉल फाइनेंस बैंक की शिकायत पर थाना नंबर 5 पुलिस ने कथित तौर पर फर्जीवाड़ा कर लोन लेने के आरोप में छह लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। बैंक का आरोप है कि करीब 18 करोड़ रुपये की राशि धोखाधड़ी के जरिए हासिल की गई और तय शर्तों के अनुसार उसका भुगतान नहीं किया गया।

दो फर्मों के नाम पर लिया गया भारी भरकम कर्ज

बैंक के अधिकृत प्रतिनिधि द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत (PGD 632104/631349) के अनुसार, आरोपियों ने “मोदी सॉल्वेक्स” और “MGM सॉल्वेक्स” नामक फर्मों के जरिए लोन और क्रेडिट सुविधा प्राप्त की। जांच में सामने आया कि मोदी सॉल्वेक्स के नाम पर लगभग 9.55 करोड़ रुपये का टर्म लोन लिया गया, जबकि MGM सॉल्वेक्स को 8.44 करोड़ रुपये की क्रेडिट लिमिट मंजूर की गई थी।

लोन स्वीकृत करवाने के लिए तीन अचल संपत्तियों को बैंक के पास गिरवी रखा गया था। हालांकि, बैंक का कहना है कि लोन राशि जारी होने के बाद किस्तों का भुगतान नियमित रूप से नहीं किया गया और न ही समझौते की शर्तों का पालन किया गया।

नामजद आरोपी और पुलिस कार्रवाई

पुलिस ने आशीष मोदी, सारिका मोदी, अनुभव मोदी, रोहिणी मोदी, साहिल मोदी और विजय कुमार मोदी को मामले में नामजद किया है। अधिकारियों के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में संकेत मिले हैं कि यह पूरा मामला पूर्व नियोजित साजिश के तहत अंजाम दिया गया।

ये भी पढ़ें: 

थाना नंबर 5 पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। फिलहाल आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। साथ ही उनके बैंक खातों, लेन-देन के रिकॉर्ड और गिरवी रखी संपत्तियों के दस्तावेजों की गहन जांच की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि मामले में वित्तीय लेन-देन की विस्तृत पड़ताल की जा रही है और जरूरत पड़ने पर अन्य एजेंसियों की मदद भी ली जा सकती है। जांच पूरी होने के बाद ही घोटाले की पूरी तस्वीर साफ हो पाएगी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें