लुधियाना: स्विगी डिलीवरी ब्वाय से तेजधार हथियार के बल पर 5600 रुपए लूटने वाले तीन बदमाश अपना ई-रिक्शा छोड़कर फरार हो गए। थाना डिवीजन नंबर 7 की पुलिस ने इस मामले में आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों की पहचान हरकृष्ण पब्लिक स्कूल, गोबिंद नगर के नजदीक रहने वाले पवन कुमार, मनोज कुमार व सन्नी के रूप में हुई है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। पुलिस ने यह मामला किचलू नगर के रहने वाले दानिश बत्तरा की शिकायत पर दर्ज किया है। दानिश का कहना है कि 25 अप्रैल रात तकरीबन एक बजे वह स्विगी का अंतिम आर्डर लगाकर घर जा रहा था। जब वह ताजपुर रोड के निकट पुल चढ़ने लगा तो ई-रिक्शा पर आए तीन लोगों ने उसे रोक लिया। उन लोगों ने तेजधार हथियार के बल पर उससे 5600 रुपए छीन लिए और उससे मोबाइल की डिमांड करने लगे, तभी वह भागकर वहां नजदीक ही खड़े 5-6 ऑटो वालों के पास चला गया। उसने एक आरोपी पवन को ऑटो वालों की मदद से काबू कर लिया, जबकि उसके 2 साथी फरार हो गए। बाद में किसी तरह आरोपी पवन भी अपना ई-रिक्शा छोड़कर वहां से फरार हो गया।
स्विगी डिलीवरी ब्वाय से तेजधार हथियार के बल पर “5600 छीने, पकड़े जाने के डर से ई-रिक्शा छोड़कर हुए फरार

