मोगा: श्री गुरु रविदास महाराज जी के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित जिला प्रशासन मोगा की ओर से ‘रन फॉर इक्विटी’ मैराथन का आयोजन किया गया। पांच किलोमीटर लंबी इस दौड़ में 1500 से अधिक युवाओं, खिलाड़ियों और शहरवासियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। प्रतिभागियों ने खेलों को जीवन का हिस्सा बनाने, भाईचारे को मजबूत करने और नशे से दूर रहने का संदेश दिया। मैराथन को सुबह करीब 6:30 बजे सरकारी आईटीआई मोगा से रवाना किया गया। दौड़ विभिन्न प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए वापस आईटीआई परिसर में समाप्त हुई। कार्यक्रम की अगुवाई विधायक डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा और बाघापुराना विधायक अमृतपाल सिंह सुखानंद ने की। इस मौके पर एडिशनल डिप्टी कमिश्नर (जनरल) जसपिंदर सिंह, विशेष कार्य अधिकारी (शहरी मामले) हरशिता शर्मा, एसडीएम मोगा सतविंदर पाल सिंह और जिला खेल अधिकारी नवदीप जिंदल सहित प्रशासनिक अधिकारी एवं अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
गुरु रविदास जी की शिक्षाओं को समर्पित आयोजन
मैराथन के समापन पर सरकारी आईटीआई परिसर में योग सत्र भी आयोजित किया गया। प्रतिभागियों ने गुरु रविदास महाराज जी की शिक्षाओं पर चलने, स्वस्थ जीवन अपनाने और नशे से दूर रहने का संकल्प लिया। दौड़ में बेहतर प्रदर्शन करने वाले शुरुआती 10 युवाओं को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। वहीं सभी प्रतिभागियों को टी-शर्ट, स्मृति चिन्ह और रिफ्रेशमेंट प्रदान किए गए। कार्यक्रम के दौरान एशियन गेम्स-2026, जापान में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके मोगा के रोइंग खिलाड़ियों कुलविंदर सिंह और जस्मेल सिंह को भी सम्मानित किया गया।
समानता और भाईचारे का संदेश
विधायक डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा ने कहा कि ‘रन फॉर इक्विटी’ को केवल खेल प्रतियोगिता के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह आयोजन गुरु रविदास महाराज जी के समानता, मानवता, सामाजिक न्याय और भाईचारे के संदेश को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का माध्यम है। उन्होंने युवाओं से गुरु रविदास जी की शिक्षाओं को अपने जीवन में अपनाने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में योगदान देने की अपील की।
खेलों से युवाओं को जोड़ने पर जोर
विधायक अमृतपाल सिंह सुखानंद ने कहा कि पंजाब सरकार नशे के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है और युवाओं को खेलों से जोड़ना इस मुहिम का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देने के साथ उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने बताया कि राज्य में 3100 से अधिक खेल स्टेडियम तैयार किए जा रहे हैं। उनके अनुसार, खेल क्षेत्र के लिए सरकार के बजट में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है और वर्ष 2020-21 में 50 करोड़ रुपये से बढ़कर 2025-26 में यह बजट 1791 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य पंजाब में खेल संस्कृति को मजबूत करना और अधिक से अधिक युवाओं को खेल गतिविधियों से जोड़ना है।

