Sachin Pilot Targets AAP Over Punjab’s Law and Order : मोगा। पंजाब में बढ़ती हत्याओं, गोलीबारी, फिरौती और नशे के मुद्दे पर कांग्रेस ने आम आदमी पार्टी सरकार को घेरा है। पंजाब कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष परगट सिंह और एआईसीसी सचिव रविंद्र राव दलवी ने मोगा में परमिंदर सिंह विक्की के परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की और न्याय की मांग उठाई। सचिन पायलट ने आरोप लगाया कि राज्य में अपराधों के कारण लोगों में भय का माहौल है। वहीं, परगट सिंह ने कहा कि छोटे दुकानदार भी खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे। कांग्रेस नेताओं ने सरकार से कानून-व्यवस्था सुधारने और अपराधियों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की।
पंजाब कांग्रेस के प्रभारी एवं राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट, पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष परगट सिंह और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव रविंद्र राव दलवी मोगा में परमिंदर सिंह विक्की के निवास पर पहुंचे। उन्होंने परिवार के सदस्यों, उनकी धर्मपत्नी और बेटे माहीपाल सिंह माही से मुलाकात कर दुख साझा किया और परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। पत्रकारों से बातचीत करते हुए सचिन पायलट ने कहा कि पंजाब में हत्या, गोलीबारी और फिरौती मांगने जैसी घटनाओं के कारण लोगों में भय का माहौल बना है।
उन्होंने कहा कि जब छोटे व्यापारी और दुकानदार भी खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे, तो यह राज्य की कानून-व्यवस्था के लिए गंभीर चिंता का विषय है। सरकार की जिम्मेदारी है कि वह लोगों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करे और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करे। मोगा में दिनदहाड़े हुई परमिंदर सिंह विक्की की हत्या का जिक्र करते हुए कांग्रेस नेताओं ने कहा कि ऐसी घटनाएं पीड़ित परिवारों के लिए गहरा दुख लेकर आती हैं। उन्होंने कहा कि परिवार को न्याय मिलना चाहिए और आपराधिक मामलों की जांच तथा कानूनी कार्रवाई में किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं होनी चाहिए।
नशे और पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल सचिन पायलट ने पंजाब में नशे की समस्या पर चिंता जताते हुए कहा कि चिट्टे सहित अन्य नशों ने लोगों को परेशान कर रखा है। उन्होंने कहा कि नशे के कारोबार के साथ अवैध हथियारों की समस्या भी जुड़ी हुई है। इस पर अंकुश लगाने के लिए सरकार को ठोस कदम उठाने चाहिए। उन्होंने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि आपराधिक मामलों में पीड़ितों को न्याय दिलाना और आरोपियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई करना बेहद जरूरी है।
सरकार को ऐसी व्यवस्था सुनिश्चित करनी चाहिए, जिससे लोगों का कानून और प्रशासन पर भरोसा बना रहे। पंजाब का छोटा दुकानदार भी खुद को सुरक्षित नहीं मान रहा: परगट सिंह पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष परगट सिंह ने कहा कि आज पंजाब में छोटा से छोटा दुकानदार भी खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर रहा। हत्या, फिरौती और नशे जैसी समस्याओं ने आम लोगों की चिंता बढ़ा दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि आपराधिक गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए पुलिस को अधिक प्रभावी ढंग से काम करने की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि पंजाब में ऐसा माहौल होना चाहिए, जहां प्रत्येक नागरिक बिना किसी डर के अपना कारोबार कर सके और सामान्य जीवन व्यतीत कर सके। पंजाब की पहचान आपसी भाईचारे, सद्भावना और सम्मान की रही है। इसलिए राज्य में शांति और लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। भाजपा की राजनीति पर भी साधा निशाना परगट सिंह ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि पंजाब के लोग नफरत की राजनीति को स्वीकार नहीं करेंगे। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के पंजाब में दो साल सरकार बनाने का मौका देने संबंधी बयान पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि राज्य की समस्याओं का समाधान राजनीतिक बयानबाजी से नहीं, बल्कि ठोस नीतियों और जमीनी स्तर पर किए गए कार्यों से होगा।

