
जालंधर: जिला प्रशासन द्वारा ‘साडे बुजुर्ग साडा मान’ विषय पर रेड क्रॉस भवन में जिला स्तरीय समारोह आयोजित किया गया। पंजाब के बागवानी एवं रक्षा सेवा कल्याण मंत्री मोहिंदर भगत ने इस समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर भाग लेते हुए मुख्यमंत्री पंजाब सरदार भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली सरकार की पूरे राज्य के बुजुर्गों के कल्याण, स्वास्थ्य देखभाल और सम्मान की रक्षा की प्रतिबद्धता को दोहराया।
इस अनूठे प्रयास पर प्रकाश डालते हुए मोहिंदर भगत ने बताया कि यह समारोह बुजुर्गों और कल्याण योजनाओं के बीच की दूरी को समाप्त करने के लिए आयोजित किया जा रहा है, ताकि बुजुर्ग बिना किसी बाधा के विभिन्न योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पंजाब भगवंत सिंह मान के योग्य नेतृत्व में हमारी सरकार द्वारा प्रत्येक नागरिक चाहे वह युवा हो, बच्चा हो या बुजुर्ग हो, की पूरी देखभाल की जा रही है।
उन्होंने कहा कि बुजुर्ग हमारे परिवार की अमूल्य पूंजी है और उनकी सेवा तथा सम्मान करना हम सबका मूल कर्तव्य है। उन्होंने जोर देकर कहा कि पूरे प्रदेश में जिला स्तरीय समारोह आयोजित करने का उद्देश्य परिवारों और समाज में जागरूकता फैलाना है, ताकि वे बुजुर्गों को पूरा सम्मान दे सकें।
उन्होंने बताया कि बुजुर्गों के कल्याण के लिए शुरू की गई अनेक पहलों में स्वास्थ्य देखभाल व जांच कैम्प, डिजिटल साक्षरता कैम्प, जिला कानूनी सेवा प्राधिकरण द्वारा कानूनी सहायता उपलब्ध करवाना तथा स्वयं सहायता समूह प्रदर्शनियां शामिल हैं। इस अवसर पर अधिकारियों द्वारा योग्य बुजुर्गों को पेंशन स्वीकृति पत्र सौंपने के साथ-साथ ‘एक पेड़ मां दे नाम’ के तहत पौधे भी वितरित किए गए।
इस अवसर पर अन्य लोगों के अलावा सचिव जिला कानूनी सेवा प्राधिकरण राहुल कुमार, जिला सामाजिक सुरक्षा अधिकारी रविंदर सिंह, सचिव रेड क्रॉस सोसाइटी सुरजीत लाल तथा विभिन्न विभागों के सीनियर अधिकारी उपस्थित थे।