Last Updated: November 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

मोगाः सुरक्षित बचपन अभियान के दूसरे चरण के तहत शिक्षकों को दिया जा रहा विशेष प्रशिक्षण

November 21, 2026

मोगाः सुरक्षित बचपन अभियान के दूसरे चरण के तहत शिक्षकों को दिया जा रहा विशेष प्रशिक्षण

मोगाः बच्चों को सुरक्षित वातावरण प्रदान करने, उनके कानूनी अधिकारों की जानकारी देने और बाल शोषण जैसी सामाजिक बुराइयों की रोकथाम के उद्देश्य से राष्ट्रीय कानूनी सेवाएं प्राधिकरण (NALSA) द्वारा शुरू किए गए ‘सुरक्षित बचपन अभियान’ के दूसरे चरण के तहत जिला मोगा में स्कूलों के शिक्षक प्रभारियों का विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया गया है। जिला अदालत परिसर में आयोजित इस प्रशिक्षण के माध्यम से शिक्षकों को बच्चों की सुरक्षा, अधिकारों और उनके प्रति जिम्मेदारियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी जा रही है। यह अभियान नवंबर 2027 तक लगातार जारी रहेगा।

प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए जिला एवं सत्र न्यायाधीश-कम-चेयरपर्सन, जिला कानूनी सेवाएं प्राधिकरण मोगा, मिस नीलम अरोड़ा ने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक बच्चे के अधिकारों की रक्षा करना और उसे सुरक्षित एवं अनुकूल वातावरण उपलब्ध करवाना है। बच्चों के सर्वांगीण विकास और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने में शिक्षकों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। शिक्षक बच्चों के साथ लगातार संपर्क में रहते हैं, इसलिए वे किसी भी प्रकार के शोषण या परेशानी के संकेतों को पहचानने में अहम भूमिका निभा सकते हैं।

उन्होंने कहा कि इसी उद्देश्य से जिले के विभिन्न स्कूलों के शिक्षक प्रभारियों को विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है, ताकि वे अपने स्कूलों में विद्यार्थियों को उनके कानूनी अधिकारों, सुरक्षा उपायों और शोषण से बचाव के प्रति जागरूक कर सकें। प्रशिक्षण के दौरान पॉक्सो एक्ट-2012, बाल कल्याण समिति की कार्यप्रणाली, बच्चों की सुरक्षा संबंधी कानूनी प्रावधानों, ऑनलाइन सुरक्षा, बाल शोषण की पहचान एवं रोकथाम जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी दी जा रही है।

इसके साथ ही जरूरत पड़ने पर बच्चों की सहायता के लिए उपलब्ध टोल फ्री हेल्पलाइन नंबरों के बारे में भी बताया जा रहा है। उन्होंने कहा कि स्कूलों में ऐसा विश्वासपूर्ण माहौल तैयार करना जरूरी है, जहां प्रत्येक बच्चा बिना किसी डर या झिझक के अपनी समस्या शिक्षकों के सामने रख सके। बच्चों की सुरक्षा केवल माता-पिता की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज का सामूहिक दायित्व है।

इस अवसर पर रिसोर्स पर्सन सीजेएम-कम-सचिव सिमरन सिंह, जिला बाल सुरक्षा अधिकारी परमजीत कौर, साइबर क्राइम से एएसआई राजविंदर कौर और पैनल एडवोकेट राजेश शर्मा ने भी शिक्षक प्रभारियों को अपने-अपने विषयों से संबंधित विस्तृत जानकारी एवं प्रशिक्षण प्रदान किया। अभियान का संदेश है कि हर बच्चे को सुरक्षित बचपन, सम्मान और बेहतर भविष्य मिलना चाहिए। इसके लिए परिवार, स्कूल और समाज को मिलकर अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी।

📍 Location: मोगा

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें