Site icon Dainik Savera Times

अक्षय शर्मा को आशीर्वाद देने पहुंचे संत मलकीयत नाथ जी, भगवान वाल्मीकि जी के प्रगट दिवस समारोह में होंगे शामिल

अमृतसर: भाजपा नेता अक्षय शर्मा को भगवान वाल्मीकि आश्रम धूना साहिब ट्रस्ट के संत समाज का आशीर्वाद मिला। संत समाज के गद्दीनशीन संत मलकीयत नाथ जी, संत सेवक नाथ जी और संत गिरधारी नाथ जी विशेष रूप से अक्षय शर्मा के निवास पर पहुंचे। इस दौरान संतों ने उन्हें 22 अक्टूबर को आयोजित होने वाले भगवान वाल्मीकि जी के प्रगट दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का निमंत्रण दिया।

ट्रस्ट की ओर से समारोह के निमंत्रण की शुरुआत अक्षय शर्मा के निवास से की गई। इस अवसर पर संत मलकीयत नाथ जी ने उनके लिए अरदास की और समाज की भलाई के लिए किए जा रहे कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए आशीर्वाद दिया।

22 अक्टूबर को होगा भगवान वाल्मीकि जी के प्रगट दिवस का समारोह

भगवान वाल्मीकि आश्रम धूना साहिब ट्रस्ट की ओर से 22 अक्टूबर को विशेष समारोह और शोभायात्रा का आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में भाजपा के पंजाब प्रधान केवल सिंह ढिल्लों और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के भी शामिल होने की जानकारी दी गई है।

समारोह का उद्देश्य भगवान वाल्मीकि जी की शिक्षाओं और उनके समानता, भाईचारे तथा मानवता के संदेश को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाना है।

संत मलकीयत नाथ जी ने अक्षय शर्मा के लिए की अरदास

अक्षय शर्मा को निमंत्रण देने पहुंचे संत मलकीयत नाथ जी ने कहा कि वे उन्हें इस विशेष आयोजन में शामिल होने का निमंत्रण देने और उनके लिए अरदास करने आए हैं। उन्होंने कामना की कि भगवान उन्हें समाज की भलाई के लिए किए जा रहे कार्यों को आगे बढ़ाने की शक्ति प्रदान करें।

इस अवसर पर ट्रस्ट के चेयरमैन ओम प्रकाश गब्बर और बाबा बलवंत नाथ जी भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

अक्षय शर्मा ने संत समाज का जताया आभार

अक्षय शर्मा ने अपने निवास पर संत मलकीयत नाथ जी और समस्त संत समाज के आगमन पर आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि भगवान वाल्मीकि जी की शिक्षाएं समानता, भाईचारे और मानवता का संदेश देती हैं, जो आज के समाज और विशेष रूप से युवा पीढ़ी के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं।

उन्होंने पंजाब सहित देश-विदेश में रहने वाले श्रद्धालुओं और शहरवासियों से अपील की कि वे भगवान वाल्मीकि जी की शोभायात्रा में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और उनकी शिक्षाओं को जन-जन तक पहुंचाने में अपना योगदान दें।

अक्षय शर्मा ने आश्रम के विकास और धार्मिक गतिविधियों के लिए संत समाज की ओर से किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि संतों का आशीर्वाद और मार्गदर्शन समाज को सही दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

हाल गेट से गिलवाली गेट तक निकलेगी शोभायात्रा

ट्रस्ट के चेयरमैन ओम प्रकाश गब्बर ने कहा कि भगवान वाल्मीकि जी की शिक्षाओं को गली-मोहल्लों और समाज के हर वर्ग तक पहुंचाना शोभायात्रा का प्रमुख उद्देश्य है। इससे आने वाली पीढ़ियों को भी उनके आदर्शों से प्रेरणा मिलेगी।

उन्होंने बताया कि शोभायात्रा का स्वागत हाल गेट स्थित केंद्रीय रविदास मंदिर में किया जाएगा। इसके बाद रथ के साथ शोभायात्रा विभिन्न स्थानों से गुजरते हुए गिलवाली गेट पहुंचेगी।

गिलवाली गेट पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और अक्षय शर्मा के मंच पर उपस्थित रहने की जानकारी दी गई है। यहां युवाओं को भगवान वाल्मीकि जी की शिक्षाओं और उनके आदर्शों के बारे में संदेश दिया जाएगा।

Exit mobile version