फिरोजपुर। जिले से एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। जहां, एक प्रसिद्ध सैलून संचालक ने अपने ही परिवार को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया और फिर खुद भी आत्महत्या कर ली। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। मिली जानकारी के अनुसार, हरमन नगर में रहने वाले सैलून संचालक अमनदीप सिंह ने पहले अपनी पत्नी और दो छोटी बेटियों को गोली मारी। पत्नी और बेटियों की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद अमनदीप सिंह ने खुद को भी गोली मार ली, जिससे उसकी भी जान चली गई।
मृतकों की पहचान
इस दर्दनाक घटना में मरने वालों की पहचान अमनदीप सिंह (सैलून संचालक), पत्नी जसवीर कौर, बड़ी बेटी मनवीर कौर, छोटी बेटी परनीत कौर के रूप में हुई है।
सुबह घर से बाहर न निकलने पर हुआ शक
पड़ोसियों के अनुसार, अमनदीप सिंह रोज सुबह काम के लिए घर से निकलता था। गुरुवार सुबह जब वह देर तक बाहर नहीं आया तो पड़ोसी कर्ण को शक हुआ। उन्होंने घर का दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला।
दरवाजा तोड़कर अंदर जाने पर दिखा खौफनाक मंजर
जब दरवाजा अंदर से बंद पाया गया तो पड़ोसियों ने उसे जबरदस्ती खोल दिया। अंदर का नजारा बेहद डरावना था। घर के अंदर अमनदीप सिंह, उसकी पत्नी और दोनों बेटियों के शव पड़े थे। सभी को गोली लगी हुई थी। अमनदीप सिंह के हाथ में पिस्तौल भी थी।
पुलिस जांच में जुटी
फिरोजपुर के एसएसपी भूपेंद्र सिंह सिद्धू ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि यह साफ हो सके कि पूरी घटना कैसे हुई।
हर एंगल से की जा रही जांच
एसएसपी ने बताया कि यह भी जांच की जा रही है कि अमनदीप सिंह ने खुद आत्महत्या की या फिर इस घटना में किसी अन्य व्यक्ति की भी भूमिका हो सकती है। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।

