Site icon Dainik Savera Times

पंजाब में सिलेंडर फटने से हुआ दर्दनाक हादसा… एक की मौत, दो गंभीर घायल

Sangrur Cylinder Blast

Sangrur Cylinder Blast: पंजाब डेस्क: संगरूर जिले के गांव उप्पली में शनिवार रात एक घर में सिलेंडर फटने से दर्दनाक हादसा हुआ। जिसमें 55 वर्षीय करमजीत सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी और बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। दोनों को संगरूर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।

-चाय बनाते समय हुआ ब्लास्ट

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, देर रात महिला चाय बनाने के लिए रसोई में गई थी। जैसे ही उसने गैस ऑन करने की कोशिश की, तभी अचानक सिलेंडर में जोरदार धमाका हो गया। धमाका इतना भयंकर था कि रसोई की छत गिर गई और घर की दीवार आंगन में सो रहे परिवार पर आ गिरी। तेज धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को मलबे से बाहर निकाला।

-जांच में जुटा प्रशासन

हादसे के बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी है। फोरेंसिक टीम भी बुलाई गई है, ताकि सिलेंडर फटने के कारणों की सही जानकारी मिल सके। प्राथमिक जांच में गैस लीक की आशंका जताई जा रही है।

-प्रशासन से लगाई मदद की गुहार

स्थानीय लोगों और पड़ोसियों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता देने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यह परिवार बेहद गरीब है और घर में कमाने वाला अब कोई नहीं बचा। यदि समय रहते सरकार ने मदद नहीं की, तो यह परिवार पूरी तरह टूट जाएगा।

Exit mobile version